मुठभेड़ में तीन बदमाश घायल, सरेबाजार गोली चलाकर हुए थे फरार, एक छात्रा गोली लगने से हुई थी घायल




संजीव शर्मा
पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी तीन दिन पहले सरेबाजार गोली चलाकर फरार हो गए थे। इनके द्वारा की गई गोलीबारी में एक छात्रा गोली लगने से घायल हो गई थी। पुलिस मुठभेड़ के दौरान तीनों बदमाशों के पैर में पुलिस की गोली लगी। इनका एक साथी अभी फरार है। पुलिस ने उसे भी जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार थाना ब्रहमपुरी क्षेत्र में माधवपुरम में तीन फरवरी को सरेशाम बाजार में बाइक सवार चार बदमाशों ने फायरिंग की थी। अंधाधुंध की गई फायरिंग में जहां कई ​दुकानों के शीशे टूट गए थे वहीं वहां से जा रही एक छात्रा गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर ली थी।

पुलिस का कहना है कि चेकिंग के दौरान नूरनगर हाल्ट के पास बाइक सवार संदिग्ध आते दिखायी देने पर पुलिस ने उन्हें रूकने का इशारा किया लेकिन उन्होंने पुलिस को देखकर गोली चला दी और वहां से भागने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। जिसमें पुलिस की गोली लगने से तीन बदमाश घायल होकर गिर पड़े। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार इनका एक साथ अभी फरार है, उसे भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *