शोभित विश्वविद्यालय ने की 1001 रुद्राक्ष के पौधे लगाने की शुरुआत




संजीव शर्मा.
शोभित विश्वविद्यालय द्वारा श्रावण मास के पहले सोमवार के दिन विश्वविद्यालय प्रांगण में रुद्राक्ष के 1001 पौधे लगाने का संकल्प लिया गया। जिसकी शुरुआत कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पर्यावरण संरक्षण के राष्ट्रीय संयोजक गोपाल आर्य एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कुंवर शेखर विजेंद्र द्वारा विश्वविद्यालय प्रांगण में रुद्राक्ष के पौधों का वृक्षारोपण कर की गई।

गोपाल आर्य ने पर्यावरण संरक्षण पर बोलते हुए कहा कि डब्ल्यूएचओ के अनुसार विश्व में प्रत्येक व्यक्ति के हिस्से में 422 पौधे लगाने का एवरेज आता है। अगर भारत की बात की जाए यहां पर प्रत्येक व्यक्ति 28 पौधे लगाने के लिए आते है। अगर हमें अपनी प्रकृति व आने वाले कल को बेहतर बनाना है तो हमें अधिक से अधिक पेड़ लगाने होंगे और पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को जागरूक करना होगा। पर्यावरणीय स्थिरता प्राप्त करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए हमें हर घर को “हरित घर” बनाना होगा। जिसके लिए हमें जल संरक्षण, वन संरक्षण, जीव संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण और भूमि संरक्षण करने की आवश्यकता है। उन्होंने रीसाइकिल पेपर का इस्तेमाल करने पर जोर दिया।

आर्य जी ने बताया की पर्यावरण संरक्षण के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ 70 विश्वविद्यालयों में नोडल ऑफिसर नियुक्त कर रहे हैं। जिनका उद्देश्य छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराना होगा। इसके अलावा उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अगर हमें अपने पर्यावरण को सही रखना है तो उसके लिए हमें अपना नजरिया बदलना होगा और अपने अंदर प्राकृतिक संपदा को संरक्षित करने के लिए सहानुभूति लानी होगी और प्लास्टिक को पूर्ण तह प्रतिबंधित करना होगा।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कुंवर शेखर विजेंद्र ने कहा की जो कोई भी चीज समाज के लिए महत्वपूर्ण है हम सबको मिलकर उसे संवारने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाया गया यह अभियान कोशिश करने का अभियान है। यह केवल शोभित विश्वविद्यालय तक सीमित नहीं रहेगा। उन्होंने विश्वविद्यालय में कार्य कर रहे शिक्षकों एवं कर्मचारी गणों को कहा कि वह जिस विद्यालय से पढ़ कर आए हैं वह वहां पर जाकर रुद्राक्ष के पौधे लगाएं। जिससे यह अभियान जन अभियान बन सके। खास तौर पर उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा लगाए जा रहे एक हजार एक रुद्राक्ष के पौधे नर्सरी से नहीं लाए गए हैं उन्हें विश्वविद्यालय में ही तैयार किया गया है। शोभित विश्वविद्यालय 2009 से रुद्राक्ष पर अनुसंधान कर रहा है। जिसके चलते बहुत सारी चौंकाने वाले तथ्य सामने आए है।

कार्यक्रम के अंत में कुलाधिपति कुंवर शेखर विजेंद्र द्वारा मुख्य अतिथि गोपाल आर्य को शाल व रुद्राक्ष का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो एपी गर्ग, पर्यावरण संरक्षण मेरठ के संयोजक राम अवतार , कुलसचिव मित्रानंद बहुगुणा, निदेशक कॉर्पोरेट रिलेशन देवेंद्र नारायण, मीडिया प्रभारी डॉ अभिषेक डबास, सभी विभागों के डीन, शिक्षक एवं विश्व विद्यालय के छात्र एवं सभी कर्मचारी गण मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन स्कूल ऑफ एजुकेशन की हेड डॉ सुरक्षा बंसल द्वारा किया गया।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *