नवीन चौहान.
एक महिला की मौत की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। महिला की हत्या को हादसे की शक्ल देने की कोशिश की गई थी। इस मामले में पुलिस ने बाप बेटे समेत तीन को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत का कारण दम घुटना आया था।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद का है। महिला के एक व्यक्ति से अवैध संबंध थे और उसी ने बेटे के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद बाप-बेटे ने एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर इस हत्या को हादसे की शक्ल देने की कोशिश की थी।
जांच में यह भी सामने आया कि प्रेमी ने हत्या करने से पहले महिला से संबंध भी बनाया था। महिला 17 जनवरी की रात को इंडस्ट्रियल एरिया में जीटी रोड पर एक धर्मकांटे के पास घायल अवस्था में मिली थी। सिविल लाईन चौकी थाने की पुलिस ने महिला को एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां डॉक्टरों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया था।
महिला के पति द्वारा एक्सीडेंट से पत्नी की मृत्यु हो जाने के संबंध में कवि नगर थाने में तहरीर दी गई थी। जिसके आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पता चला कि महिला के गांव के ही रहने वाले चरण सिंह नाम के व्यक्ति के साथ अवैध संबंध थे।
जिसके बाद पुलिस ने जांच को और आगे बढ़ाते हुए साक्ष्य एकत्र किये और चरण सिंह से पूछताछ की। पूछताछ में चरण सिंह ने सच उगल दिया और बताया कि घटना वाले दिन उसने पहले एक होटल में महिला के साथ संबंध बनाए और उसके बाद उसे कार में बैठाकर उसका गाल घोंटकर हत्या कर दी। शव को उन्होंने सड़क के किनारे फेंक दिया था।
आरोपी ने यह भी बताया कि हत्या के दौरान उसके साथ उसका बेटा और बेटे का दोस्त भी शामिल था। बेटा ही कार लेकर आया था। पूछताछ में बताया कि महिला एक मकान खरीदकर देने का दबाव बना रही थी। यह बात उसके बेटे को पता चल गई थी।