यूपी बार्डर पर रोके जा रहे प्रवासी मजदूर, घर जाने की जिद पर अड़े प्रवासी कर रहे हंगामा




संजीव शर्मा
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश के बाद रविवार से यूपी के सभी बार्डर पर बाहर से आ रहे प्रवासियों को आगे जाने से रोका जा रहा है। आगे जाने से रोकने पर ये प्रवासी मजदूर अधिकतर स्थानों पर हंगामा कर रहे हैं। स्थानीय पुलिस प्रशासन उन्हें समझाने के प्रयास में जुटा हुआ है। प्रशासन आश्वासन दे रहा है कि आप लोग धैर्य रखे आपकी यात्रा के लिए बस और ट्रेन का इंतजाम किया जा रहा है। कुछ स्थानों पर प्रवासी उग्र प्रदर्शन भी कर रहे हैं।

सहारनपुर बार्डर पर जम्मू कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से आने प्रवासियों को रोक दिया गया है। अंबाला रोड स्थित राधा स्वामी सत्संग व्यास केंद्र में बनाए गए सेल्टर होम से बाहर निकल कर मजदूरों ने देहरादून पंचकूला हाईवे पर जमकर हंगामा किया। प्रवासियों का कहना है कि वह यहां अब नहीं रूक सकते। फिलहाल कई अधिकारी मौके पर हैं और मजदूरों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। एसएसपी दिनेश कुमार की फोर्स के साथ मौके पर हैं। जानकारी मिलने पर कमिश्नर और डीआईजी भी माैके पर पहुंचकर इन मजदूरों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं।

दिल्ली आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रवासी मजदूरों ने हंगामा किया। यहां राजमार्ग पर जाम लगाकर पुराने टायरों में आग भी लगायी। यहां जमा हुए मजदूर अपने घरों की ओर जाने की मांग कर रहे हैं। यूपी में राजस्थान बार्डर से आ रहे प्रवासियों को रोक दिया गया है। उत्तराखंड की सीमा से भी बिना अनुमति के किसी को यूपी में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।

वहीं गाजियाबाद जिले में रविवार सुबह गाजीपुर में दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर कई प्रवासी मजदूर रोक दिए गए हैं। यूपी पुलिस उन्हें अपने क्षेत्र में घुसने नहीं दे रही है। इस वजह से बॉर्डर पर काफी भीड़ जमा हो गई है। प्रवासी मजदूरों का कहना है कि वह अपने घर जाना चाहते हैं लेकिन पुलिस उन्हें आगे नहीं जाने दे रही है। स्थानीय पुलिस प्रशासन का कहना है कि सभी प्रवासियों को बस और ट्रेन आदि के माध्यम से उनके घरों तक भेजा जाएगा। बार्डर पर केवल उन्हीं लोगों को प्रवेश दिया जा रहा है जिनके पास वैध पास हैं।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *