पत्नी ने किया सुंदरकांड पाठ में जाने से इंकार तो पति ने ले ली जान




संजीव शर्मा
यूपी के मेरठ जिले में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की जान ले ली। वजह ये सामने आयी कि उसकी पत्नी ने पड़ोस में चल रहे सुंदरकांड पाठ में जाने से इंकार कर दिया था। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। महिला के परिजनों ने प​ति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
यह घटना थाना भावनपुर क्षेत्र की गोल्फ कॉलोनी की है। बताया गया कि सुनील कुमार पुत्र लाखन सिंह मूल रूप से गजरौला के हसनपुर का रहने वाला है। उसकी शादी 2011 में दौराला थाना के गांव मटौर निवासी रजनी पुत्री सुशील कुमार से हुई थी। उसके दो बच्चे माही (5) और माधव (7) हैं।
आरोपी सुनील के पिता लाखन ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात पड़ोसी के घर पर सुंदरकांड का पाठ हो रहा था। घर के सभी लोग वहां गए थे। घर पर केवल उनका बेटा और बहू थी। इस दौरान बेटे सुनील ने उन्हें फोन कर वापस घर बुलाया। घर आकर देखा तो रजनी खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी। बेटे ने उन्हें बताया कि रजनी ने सुंदरकांड में जाने से मना कर दिया था। गुस्से में आकर उसने उसके सिर पर लोहे के तवे से वार कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के परिजनों का आरोप है जब वह घटना का पता लगने के बाद कालोनी में पहुंचे तो ससुराल वालों ने उन्हें वहां से भगा दिया। जिसके बाद वह थाना भावनपुर पहुंचे और वहां आरोपी पति समेत चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी। महिला के परिजनों ने दहेज के लिए हत्या किये जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *