नवीन चौहान.
भाजपा के पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने हरिद्वार में अखाड़े में गरम शॉल बांटकर हरिद्वार सीट पर राजनीति की नई बहस को जन्म दे दिया है। संजय गुप्ता भले ही इसे मानव सेवा बता रहे हैं लेकिन राजनीति के जानकारों का मानना है कि यह अभी से अगामी चुनाव को लेकर बिछायी जा रही चुनावी बिसात है।
दरअसल भाजपा के पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने कनखल में महानिर्वाणी अखाड़े में महिलाओं को सर्दी से बचने के लिए गरम शॉल बांटे। इस आयोजन के पीछे के उद्देश्य को संजय गुप्ता ने केवल मानव सेवा बताया। उन्होंने कहा कि इसमें राजनीति नहीं देखनी चाहिए।
लेकिन राजनीति के गलियारे में चर्चा कुछ और ही हैं। बताते चलें कि लक्सर विधानसभा सीट से चुनाव हारने के बाद संजय गुप्ता ने अपना घर तो कनखल में बनाया ही साथ ही अपनी राजनैतिक सक्रियता भी हरिद्वार विधानसभा सीट पर बढ़ा दी है। वो हरिद्वार के आश्रमों और अखाडों में जाकर संतों का आशीर्वाद ले रहे हैं। वैश्य समाज के कार्यक्रम में भी प्रतिभाग कर रहे हैं। एक चर्चा ये भी है कि वो आगामी मेयर के चुनाव में अपनी दावेदारी पेश करेंगे।
यहां ये भी बतादें कि विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद संजय गुप्ता ने इस हार के लिए तत्कालीन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व हरिद्वार विधायक मदन कौशिक के सिर ठिकारा फोड़ा था। ऐसे में एक दूसरा पहलू ये भी है कि संजय गुप्ता प्रदेश के मुखिया पुष्कर सिंह धामी के खास बताए जाते हैं।