नवीन चौहान.
मुख्यमंत्री योगी आदित्नानथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आई0जी0आर0एस0, सी0एम0 हेल्पलाइन, तहसील दिवस, थाना दिवस, जनसुनवाई, जनता दर्शन के प्रकरणों के निस्तारण के सम्बन्ध में जनपदों के जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों सहित वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा की।
प्रदेश में डेंगू, वायरल फीवर, जे0ई0/ए0ई0एस0 सहित संक्रामक रोगों तथा कानून व्यवस्था तथा अपराध व अपराधियों पर नियंत्रण के लिए की जा रही कार्यवाही की भी उन्होंने समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की सन्तुष्टि ही समस्याओं के निस्तारण का मानक होना चाहिए, इसके सम्बन्ध में खराब प्रदर्शन के लिए सम्बन्धित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश।
मुख्यमंत्री ने जनपद चन्दौली, गोरखपुर, बलिया, गाजियाबाद, आगरा, हमीरपुर, हरदोई, सीतापुर के जिलाधिकारियों तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों/पुलिस अधीक्षकों से संवाद किया, जनसमस्याओं और शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण ढंग से करने के निर्देश दिये। ये भी कहा कि डेंगू तथा वायरल फीवर के सम्बन्ध में नियंत्रण के निर्देश, मरीजों को त्वरित और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करायी जाए।
मुख्यमंत्री ने जनपद फिरोजाबाद, मथुरा, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर नगर, प्रयागराज, झांसी, मेरठ के जिलाधिकारियों से उनके जनपदों के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर साफ-सफाई, सैनिटाइजेशन, फॉगिंग, एण्टी लार्वा स्प्रे के सम्बन्ध में निरन्तर कार्यवाही जारी रखे जाने के निर्देश दिए।
जनपद देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संत कबीर नगर आदि के जिलाधिकारियों तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को बेहतर सर्विलांस, शुद्ध पेयजल, स्वच्छता और सैनिटाइजेशन की कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिये। कहा कि इण्टीग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कण्ट्रोल सेंटर का उपयोग संचारी रोगों के नियंत्रण के लिए किया जाए। बताया कि 7 से 14 सितम्बर, 2021 तक डोर-टू-डोर सर्वे अभियान संचालित किया जा रहा है, इस दौरान सतर्कता बनाए रखते हुए कोविड सहित अन्य संचारी रोगों के मरीजों को चिन्ह्ति कर, उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सेवाएं अविलम्ब उपलब्ध करायी जाए।
कुछ राज्यों में कोविड सम्बन्धी मामलों में बढ़ोत्तरी तथा आगामी पर्वों एवं त्योहारों के दृष्टिगत सतर्कता और सावधानी बरतने के निर्देश दिये, सभी आयोजनों में कोविड प्रोटोकॉल का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। निगरानी समितियां प्रभावी ढंग से कार्य करती रहें और सर्विलांस में किसी भी प्रकार की कोताही या शिथिलता न बरती जाए।
विकास योजनाओं को समय व गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए, जिलाधिकारी तथा मुख्य विकास अधिकारी योजनाओं के सम्बन्ध में टाइमलाइन निर्धारित करते हुए निरन्तर समीक्षा करें। पुलिस पेट्रोलिंग को बढ़ाते हुए प्रत्येक छोटी-बड़ी घटना का संज्ञान लेते हुए कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने ‘मिशन शक्ति फेज-3’ के तहत महिला बीट, पुलिस अधिकारियों की तैनाती तथा उनकी कार्यप्रणाली के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की। मिशन शक्ति के तहत महिला बूथ सक्रिय रूप से संचालित रहें। महिला बीट अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री, आशा वर्कर, ए0एन0एम0 आदि से समन्वय स्थापित करते हुए महिलाओं से सम्बन्धित तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के सम्बन्ध में जागरूकता और जानकारी प्रदान करें। महिलाओं व बालिकाओं के प्रति अपराध की घटनाओं पर पूरी संवेदनशीलता के साथ शीघ्रता से कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
आगामी 20 सितम्बर से 20 नवम्बर, 2021 तक प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त
किए जाने का अभियान चलाया जाएगा, सभी जिलाधिकारी इस सम्बन्ध में पी0डब्ल्यू0डी0, आर0ई0एस0, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, मण्डी, गन्ना विकास, नगर विकास विभाग आदि से समन्वय स्थापित कर कार्यवाही करें।
स्पेशल कैम्प लगाकर विद्युत व बिलिंग सम्बन्धी शिकायतों का निस्तारण किया जाए। आगामी 25 सितम्बर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयन्ती के अवसर पर प्रदेश में ‘गरीब कल्याण मेला’ आयोजित किया जाएगा, सभी 826 विकास खण्डों पर वृहद आयोजन किया जाए।
मेले में दिव्यांगजन को कृत्रिम अंग वितरण, विभिन्न पेंशन, आवास और स्वरोजगार योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को योजना से जोड़े जाने के साथ-साथ आरोग्य मेले का भी आयोजन किया जाएगा। बैंकों से समन्वय स्थापित कर विशेष ऋण शिविर लगाए जाए। 19 सितम्बर, 2021 से आरोग्य मेलों का आयोजन प्रारम्भ हो रहा, इन आयोजनों को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया जाए। प्रत्येक गो-आश्रय के लिए एक नोडल अधिकारी की तैनाती की जाए। गोवंश के लिए चारे, भूसे और पेयजल आदि की उपलब्धता सहित आश्रय स्थलों में साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।