नवीन चौहान.
कोतवाली ज्वालापुर के मोहल्ला कड़च्छ से 8 महीने का बच्चा कोई उठा ले गया। परिजन समेत सभी बड़े परेशान हैं। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मचा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार कडच्छ मोहल्ले में रविंद्र कुमार अपने परिवार के साथ रहता है। शनिवार को वह अपनी डयूटी पर गया था, घर में पत्नी और उसका आठ महीने का बेटा था। बताया जा रहा है कि पत्नी बेटे को चारपाई पर सुलाकर छत पर कपड़े सुखाने चली गई। नीचे आने के बाद उसने देखा तो उसका बेटा वहां नहीं था। आस पड़ोस के लोगों से बच्चे के बारे में जानकारी की तो वह कुछ नहीं बता सके।
इस घटना से परिजनों में हड़कंप मच गया। पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी में एक युवक और महिला बच्चे को गोद में लेकर जाती दिखायी दे रही है, जबकि शनिदान माँगने वाले को साधु वेशधारी को भी संदिग्ध माना जा रहा है। यह शनिदान मांगने वाला पीला कुर्ता व धोती पहने है। जिसकी उम्र 25 से 30 वर्ष के करीब बतायी जा रही है।
पुलिस ने इस संबंध में आसपास के थाना क्षेत्रों में भी सूचना प्रसारित कर दी है। जनता से भी अपील की गई है कि यदि उन्हें कोई संदिग्ध दिखायी दे तो वह तुरंत पुलिस को सूचना दे।