मां के शव के पास पड़ी थी जिंदा मासूम बच्ची, शरीर के घावों में रेंग रहे थे कीड़े




सचिन, बागपत। बड़ौत थाना क्षेत्र के ढोढ़रा गांव के जंगल में एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला के सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया था। उसके शरीर में कीड़े पड़ गए थे, जिससे देखकर लग रहा था कि शव कई दिन पुराना है। सबसे अधिक हैरतअंगेज बात ये थी कि महिला के शव के पास ही एक करीब दो साल की मासूम बच्ची भी पड़ी थी। बच्ची जिंदा थी लेकिन उसके शरीर के घाव में भी कीड़े रेंग रहे थे। इस दृश्य को देखकर हर किसी का दिल दहल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जबकि बच्ची को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को ढोढ़रा गांव की कुछ महिलाएं गजे सिंह के खेत में घास काट रही थी। इसी दौरान उनकी नजर खेत में पड़े एक महिला के शव पर गई। शव के पास ही एक बच्ची भी पड़ी थी। महिलाओं ने यह देख शोर मचा दिया, जिसके बाद आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण भी वहां पहुंच गए। बताया गया कि गजे सिंह के खेत में एक पीर भी बना हुआ है। पीर पर हर गुरुवार को श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसी पीर से करीब 10 मीटर अंदर खेत में महिला का शव पड़ा था।

ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने जब बच्ची की सांस चलती देखी तो वह पुलिस के आने से पहले ही बच्ची को लेकर अस्पताल पहुंच गए। बाद में पुलिस ने बच्ची को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बच्ची के सिर के अलावा हाथ व पैश्र में घाव है जिनमें कीड़े रेंग रहे थे। डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची की स्थिति सामान्य होने में समय लगेगा। पुलिस ने महिला के शव की शिनाख्त का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। एसएचओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि महिला की आयु करीब 23 साल है। पुलिस महिला की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों से संपर्क कर रही है। बच्ची का फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है ताकि उसकी पहचान हो सके।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *