संजीव शर्मा, मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर पुलिस ने एक ऐसे गिरोह को पकड़ा है जो मिलावटी डीजल और पेट्रोल बेचने का काम कर रहा था। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से बड़ी मात्रा में मिलावटी डीजल और पेट्रोल भी बरामद किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार जनपद मुजफ्फरनगर के थाना नए मंडी में पुलिस ने चेकिंग के दौरान मिलावटी डीजल बेचने वाले गिरोह को पकड़ा। ये लोग एक गाड़ी में रखकर मिलावटी डीजल बेचने के लिए जा रहे थे। पुलिस के अनुसार यह गिरोह केरोसिन का तेल डीजल में मिलाकर बेचने का काम कर रहे थे। इनके पास से 9 ड्रमों में भरा मिलावटी डीजल बरामद किया गया है। सीओ हरीश भदौरिया का कहना है कि इस गिरोह के कुछ अन्य सदस्यों के नाम भी प्रकाश में आए हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस की मानें तो यह गिरोह काफी समय से इस काम को अंजाम दे रहा था।