निकाय चुनाव से पूर्व कांग्रेस को झटका, भाजपा बढ़ा रही कुनबा, जानिए पूरी खबर




नवीन चौहान, हरिद्वार। निकाय चुनाव की सरगर्मियां तेज होती ही भाजपा का कुनबा बढ़ने लगा है। कांग्रेस छोड़ नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इससे भाजपा चुनाव से पूर्व की मजबूत स्थिति में दिख रही है।
शनिवार को कांग्रेस के मायापुर ब्लॉक अध्यक्ष तरूण नैय्यर व जिला महासचिव महेश गौड़ ने भी भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। इससे पूर्व पार्षद पति भूपेन्द्र कुमार, शुभम् मैण्डोला व सचिन बेनीवाल भाजपा का दामन थाम चुके हैं।
खन्ना नगर स्थित शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक के कार्यालय पर मंत्री प्रतिनिधि मुकेश कौशिक ने दोनों को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करायी। इस अवसर पर मुकेश कौशिक ने कहा कि निकाय चुनाव में कांग्रेस की संभावित हार को देखते हुए तथा भाजपा व प्रदेश सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा में सम्मिलित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित दल है। जबकि कांग्रेस पार्टी में उचित सम्मान नहीं मिलता है। निकाय चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ होना तय है। नगर निगम में एक बार फिर भाजपा का बोर्ड बनना तय है।
सप्तऋषि मण्डल अध्यक्ष अनिरूद्ध भाटी व जिला महामंत्री विकास तिवारी ने कहा कि भाजपा की लोकप्रियता से प्रभावित होकर कांग्रेस के कार्यकर्ता पार्टी में शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर रही है। भाजपा पार्टी हमेशा ही कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान देती चली आ रही है। तरूण नैय्यर व महेश गौड़ के आने से भाजपा और मजबूत होगी। नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ेगा। शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक पार्टी कार्यकर्ताओं को सदैव ही सम्मान देते चले आ रहे हैं। कर्मठ ईमानदार कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान दिया जाता है।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले तरूण नैय्यर व महेश गौड़ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में दम घुट रहा था। खुलकर अपनी बात को भी पार्टी नेताओं के समक्ष नहीं रख पा रहे थे। लगातार शीर्ष नेतृत्व द्वारा उपेक्षा भी की जा रही थी। नगर निकाय चुनाव में टिकटों के चयन में पारदर्शिता नहीं अपनाई जा रही थी। कर्मठ व ईमानदार पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा होने के चलते ही कांग्रेस पार्टी को छोड़ा है। अब भाजपा की रीति नीतियों को जन जन तक पहुंचाया जाएगा।
इस अवसर पर शुभकामनाएं देने वालों में विनीत जौली, कामिनी सड़ाना, राजेश शर्मा, मृदुल कौशिक, राजकुमार आदि सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे। गौरतलब है कि शुक्रवार को कनखल क्षेत्र से कांग्रेस पार्षद रही सीमा देवी उनके पति भूपेंद्र कुमार व सचिन बेनीवाल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *