संजीव,
थाना मेडिकल क्षेत्र के जागृति विहार में दिनदहाड़े अज्ञात बदमाशों ने ज्वैलर्स की दुकान पर धावा बोलकर लूट की घटना को अंजाम दिया। यहां से बदमाश 10 लाख कैश और करीब पांच किलो चांदी लूटकर ले गए। बदमाशों का सर्राफ के बेटे ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसे गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। दिन दहाड़े हुई इस घटना से हड़कंप मच गया। व्यापारियों ने घटना को लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त किया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने घटना की जानकारी की।
मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र के जागृति विहार सेक्टर -2 में सौरभ जैन की भागमल ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। आज दिन में चार नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोल दिया। जाते समय जब बदमाशों का सर्राफ के बेटे अमन ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसे गोली मार दी। घटना के बाद मौके पर एसएसपी अजय साहनी पहुंच गए और तमाम पहलुओं पर पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई। सीसीटीवी कैमरों के आधार पर पुलिस ने अपनी जांच आगे बढ़ा दी है।