बदले की आग में मासूम की हत्या




नोएडा। बेटी से छेड़छाड़ करने पर बहलोलपुर गांव में निजी कंपनी कर्मी नन्हें ने नौ वर्षीय भांजे श्लोक की हत्या कर दी। हत्या को अंजाम देने के लिए उसने बच्चे को 1० मार्च को अगवा किया। उसे गांव में ही रहने वाले दोस्त नीरज के कमरे पर ले गया। वहां एक अन्य दोस्त तेजपाल के साथ मिलकर हत्या को अंजाम दिया। तीनों ने शव को नीरज के बिल्डिंग की छत पर छुपा दिया। भीड़भाड़ होने के कारण वे शव को ठिकाने नहीं लगा सके। शुक्रवार को पुलिस ने सड़ी-गली हालत में शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नीरज और तेजपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। नन्हें फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
गुमशुदगी की दर्ज कराई रिपोर्ट
1० मार्च की शाम श्लोक घर के बाहर से लापता हो गया था। घरवालों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका सुराग नहीं मिला। इसके बाद निजी कंपनी में काम करने वाली मां राजवती ने कोतवाली .फेज तीन में बच्चे की गुमशुदगी की जानकारी दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज नहीं की। इसी बीच राजवती को बहलोलपुर में रहने वाले लोगों ने बताया कि बच्चे को आखिरी बार नन्हें, नीरज और तेजपाल के साथ देखा गया है। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई।
तीन लाख रुपए मांगी फिरौती
पुलिस ने नीरज और तेजपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसमें हत्या का राज खुला। इसके बाद पुलिस ने फरौती के लिए बच्चे के अपहरण की एफआइआर दर्ज की। नीरज और तेजपाल को गिरफ्तार कर लिया गया। इंस्पेक्टर उमेद यादव का कहना है कि नन्हें के लापता होने की जानकारी घर वालों ने नहीं दी थी। इसी कारण गुमशुदगी दर्ज नहीं हुई थी। घर वालों ने शिकायत पत्र में फिरौती मांगे जाने की जानकारी दी है। इसी कारण फिरौती के लिए अपहरण की धाराओं में केस दर्ज हुआ है।
बेटी से छेड़खानी का लिया बदला
श्लोक बहलोलपुर गांव में मां राजवती के साथ रहता था। उसका मामा शक्तिमान भी साथ रहता है। शक्तिमान ने डेढ़ माह पहले नन्हें की बेटी से छेड़छाड़ की थी। बेटी ने यह बात पिता को बताई थी। कोतवाली .फेज तीन में शिकायत भी हुई थी। फिर अन्य लोगों के समझाने पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। नन्हें के अंदर इस बात को लेकर गुस्सा था।
पिता की हो चुकी है हत्या :
श्लोक के पिता कमल गौरव मूल रूप से शाहजहांपुर के रहने वाले थे, उनकी चार साल पहले शाहजहांपुर में ही हत्या हो गई थी। इसके बाद रोजी-रोटी की तलाश में पत्नी राजवती दो बेटे और एक बेटी के साथ नोएडा आ गई थी। उसके साथ भाई शक्तिमान भी नोएडा आ गया था। राजवती और शक्तिमान निजी कंपनी में काम करते हैं।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *