नवीन चौहान.
उत्तराखंड में स्थित यूनेस्को की विश्व धरोहर फूलों की घाटी बुधवार से पर्यटकों के लिए खोल दी जाएगी। इसके लिए पर्यटन विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
फूलों की इस घाटी में 300 से अधिक फूलों की प्रजातियां मौजूद हैं। सचिव पर्यटन दिलीप जावलकर के मुताबिक विभागीय स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि समुद्रतल से 3962 मीटर ऊंचाई पर यह घाटी 87.5 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैली है। फूलों की घाटी नंदा देवी बायोस्फीयर रिजर्व में आती है।
यह जगह कुछ रंगीन और अविश्वसनीय फूलों जैसे गेंदा और ऑर्किड से बसी पड़ी है। इसके अलावा, इस क्षेत्र में पक्षियों, तितलियों और जानवरों को भी काफी अच्छी संख्या में देखा जा सकता है।
पर्यटन सचिव के मुताबिक, फूलों की घाटी ब्रिटिश पर्वतारोही और वनस्पति शास्त्री, फ्रैंक एस स्मिथ की 1931 में की हुई आकस्मिक खोज थी। इसे यूनेस्को ने 2005 में विश्व धरोहर घोषित किया था।