कृषि विज्ञान केंद्र अमरोहा के प्रशासनिक भवन का केंद्रीय कृषि मंत्री ने किया लोकार्पण




मेरठ।
सरदार बल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले कृषि विज्ञान केंद्र अमरोहा के प्रशासनिक भवन का लोकार्पण केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर द्वारा वर्चुअल रूप में आयोजित एक भव्य समारोह में किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि भारत सरकार किसानों के लिए कई योजनाएं लेकर आई हैं, जिससे किसानों की आय दुगनी की जा सके। उन्होंने बताया पूरे देश में 724 कृषि विज्ञान केंद्र किसानों की सेवा कर रहे हैं। इन केंद्रों को और अधिक सशक्त बनाया जा रहे हैं, जिससे किसानों को कृषि तकनीकों से रूबरू कराया जा सके।

केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि भारत सरकार कृषि के विकास व किसानों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चल रही हैं। जिसके बारे में किसानों को सभी वैज्ञानिक अवगत कराएं और उनकी सहायता कर योजनाओं का लाभ क्षेत्र के किसानों तक अवश्य पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिकों का प्रयास होना चाहिए कि वह क्षेत्र के किसानों को उन्नतशील तकनीकों, गुणवत्ता युक्त पौधों, अच्छे बीजों, नवीनतम कृषि पद्धतियों को प्रदान कर किसानों को लाभान्वित करें।

उन्होंने कहा कि समय-समय पर कृषि गोष्ठियों का आयोजन और गांवों में तकनीकी हस्तांतरण के कार्य को और तेज किया जा रहा है। खेतों को लाभकारी बनाने व किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। जिसके सार्थक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। युवाओं के लिए कई प्रकार के प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है। जिससे युवाओं को खेती से लाभ मिल सके। साथ ही एग्रीकल्चर इंप्लीमेंट पर केंद्र सरकार द्वारा सब्सिडी दी जा रही है, जिससे सीधे किसान लाभान्वित हो रहे हैं।

उन्होंने बताया उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा भी प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चलाई गई हैं, जिससे प्रदेश के किसानों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा एफपीओ के माध्यम से किसानों को जोड़कर उनकी आय को बढ़ाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।

राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि सरकार द्वारा जनपद अमरोहा बनने के लगभग 20 वर्ष बाद कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना प्राथमिकता के आधार पर की है, जिसका लाभ किसानों को अवश्य मिलेगा। इस अवसर पर लगभग 1 करोड़ 33 लाख रूपये की लागत से बने प्रशासनिक भवन का लोकार्पण किया और मुरादाबाद जिले में स्थित कृषि विज्ञान केंद्र का शिलान्यास किया गया।

इस अवसर पर आयोजित कृषक गोष्ठी एवं प्रदर्शनी में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि जनपद में कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना से कृषि के विकास को बल मिलेगा। इससे कृषक तकनीकी ज्ञान समृद्ध होकर उन्नत खेती की ओर अग्रसर होंगे। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश के किसानों को कृषि सुविधाओं का अधिकतम लाभ मिले। उन्होंने कहा कि तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ फार्म, मशीनरी, सोलर पंप इत्यादि पर बैंक अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है।

कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ आरके मित्तल ने कहा कि प्राकृतिक खेती द्वारा कृषक अधिक से अधिक लाभ ले सकते हैं। विश्वविद्यालय के बीच कृषि विज्ञान केंद्रों में प्राकृतिक खेती पर प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे किसानों को प्राकृतिक खेती की प्रति आकर्षित किया जा सके और उन को प्रशिक्षण देकर और अधिक सशक्त बनाया जाने का प्रयास किया जा रहा है। कृषि तकनीकों का लाभ किसानों तक पहुंचाने के लिए समय-समय पर किसानों के खेतों पर प्रदर्शनों का आयोजन किया जाता है और उनको प्रशिक्षण देकर कृषि विविधीकरण को अपनाने हेतु प्रेरित किया जा रहा है, जिससे किसानों की आमदनी बढ़ सके।

कार्यक्रम का संचालन निदेशक प्रसार डॉ पी के सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर 1150 किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में विधायक धनौरा राजीव द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया गया। इसके अलावा केंद्र पर लगभग 26 स्टाल लगाकर जैविक एवं प्राकृतिक खेती के विभिन्न उत्पादों एवं तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। इसमें प्रगतिशील किसानों, एफपीओ एवं स्वयं सहायता समूहों ने भाग लिया।

इस अवसर पर कृषि मंत्री एवं कृषि राज मंत्री द्वारा केंद्र के परिसर पर रुद्राक्ष एवं कल्पवृक्ष के पौधों का पौधारोपण किया गया। इस दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारी डॉ एके मिश्र, वैज्ञानिक डॉ शीशपाल सिंह, डॉ आरपी सिंह, डॉ अमित तोमर आदि लोग मौजूद रहे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *