चार दिन पहले वापस ससुराल लौटी महिला ने पति की ईंट से कूच कर की हत्या, खुद भी फांसी पर झूली




नवीन चौहान.
उत्तराखंड में एक व्यक्ति की हत्या और उसकी पत्नी का शव फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। आशंका जतायी जा रही है कि महिला ने ही अपने पति की पहले ईंट से कूच कर हत्या की और उसके बाद खुद भी फांसी के फंदे पर झूल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

यह घटना रुद्रपुर की है। जानकारी के अनुसार रंपुरा वार्ड नंबर 22 में सुनील दिवाकर (26) अपनी पत्नी गीता (24), तीन बच्चों और परिजनों के साथ रहता था। बतया कि सुनील का अपनी पत्नी के गीता के साथ अक्सर विवाद होता था। रविवार को ही उसकी पत्नी समझौते के बाद वापस ससुराल आयी थी।

परिजनों के मुताबिक सुनील और उसकी पत्नी गीता रात में खाना खाकर छत पर सोने चले गए थे। बुधवार सुबह जब वह दोनों नीचे नहीं आए तो पिता रामभरोसे ने अपनी पोती को छत पर बुलाने के लिए भेजा। लेकिन उसकी पोती रोती हुई वापस नीचे आयी तो घर के लोग छत पर गए।

छत का नजारा देखकर उनकी चीख निकल गई। छत पर सुनील का शव पड़ा था, उसके चेहरे पर ईंट से वार किये गए थे, वह ईंट भी खून से सनी वहीं पर पड़ी थी। जबकि सुनील की पत्नी गीता का शव फंदे से लटका हुआ था। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौर, एसएसआई सतीश कापड़ी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शवों का मुआयना किया। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये। इस मामले में रामभरोसे ने अपनी बहू गीता के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। हालांकि परिजनों का यह भी कहना है कि उनकी बहू यह काम अकेले नहीं कर सकती, यह एक सोची समझी साजिश है। पुलिस से पूरे मामले की जांच करने की मांग की गई।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *