मानसूनी बादलों की दस्तक से मौसम हुआ सुहाना, किसानों के चेहरे ​खिले




मेरठ।

वेस्ट यूपी में मानसूनी बादलों की दस्तक से मौसम सुहाना हो गया है। बुधवार सुबह से ही रूक रूक कर हो रही बारिश ने उमस भरी गरमी से राहत दिलायी है। बारिश के बाद मौसम पूरी तरह खुशगवार हो गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक मानसूनी बादल सक्रिय होने से मानसून ने यूपी में भी अपनी रफ्तार तेज की है। मौसम विभाग का मानना है कि अब अगले दो तीन दिन मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। इस दौरान मैदानी इलाकों में कहीं अधिक तो कहीं हल्की बारिश होगी।
बारिश होने से किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। बारिश के बाद धान की रोपाई का कार्य तेजी से होगा। गन्ने और चारे की फसलों को भी इस बारिश से लाभ होगा। सब्जी की फसलों में भी यह बारिश लाभकारी साबित होगी।
कृषि ​विशेषज्ञ डॉ आरएस सेंगर का कहना है कि इस बार मानसून की आमद समय से पहले हुई लेकिन मानसूनी बारिश करीब 8 से 10 दिन देरी से हुई। डॉ सेंगर का कहना है कि अभी बारिश अधिक लेट नहीं है, इस समय हो रही बारिश सभी फसलों के लिए लाभकारी होगी। धान की रोपाई का कार्य और तेजी से शुरू होगा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ एन सुभाष के मुताबिक मानूसन अब धीरे धीरे रफ्तार पकड़ रहा है। स्थानीय स्तर पर यदि सिस्टम को सपोर्ट मिलती रही तो बारिश की कमी नहीं रहेगी। फिलहाल दो तीन दिन मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना है। बारिश के बाद​ दिन और रात के तापमान में गिरावट आने से गरमी से राहत मिलेगी।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *