मेरठ में मेजर ध्यानचंद के नाम पर बनेगी स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, सीएम योगी आदित्यनाथ ने की घोषणा




उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में बनने वाली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का नाम मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी नाम से खोले जाने की घोषणा कर दी है। राजधानी लखनऊ में टोक्यो ओलंपिक पदक विजेताओं के सम्मान समारोह में सीएम योगी ने इसका ऐलान किया।

लखनऊ के अटल बिहारी वाजपई इकाना स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में टोक्यो ओलंपिक पदक जीतने वाले सभी खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पदक विजेता नीरज चोपड़ा, रवि दहिया, पीवी सिंधु, लवलीना बोरगोहेन, बजरंग पुनिया और हॉकी टीम को सम्मानित किया। कांस्य पदक विजेता भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सभी 19 खिलाड़ियों को प्रति खिलाड़ी 01 करोड़ की सम्मान राशि प्रदान की गई है।

टीम के मुख्य प्रशिक्षक को 25 लाख व टीम के प्रशिक्षक एवं सहायक स्टाफ को 10 लाख की सम्मान राशि दी गई। कार्यक्रम में पदक विजेता नीरज चोपड़ा को 2 करोड़, रवि दहिया को 1.5 करोड़, पीवी सिंधु को एक करोड़, लवलीना बोरगोहेन को एक करोड़ और बजरंग पुनिया को एक करोड़ की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया। साथ ही सरकार ने टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले उत्तर प्रदेश के 10 खिलाड़ियों को 25-25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी। ओलंपिक में चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की 19 खिलाड़ियों को प्रति खिलाड़ी 50 लाख की सम्मान राशि दी गई। टीम के प्रशिक्षक व सहायक स्टाफ को 10 लाख प्रति सदस्य प्रदान किया गया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम आदित्यनाथ ने कहा, यह हमारा सौभाग्य है कि प्रयागराज कुंभ की स्मृतियों को आगे बढ़ाने के लिए ‘खेल महाकुंभ’ में खेल प्रतिभाओं के सम्मान समारोह में उपस्थित हैं। टोक्यो ओलंपिक में देश के पदक विजेताओं व प्रतिभागी खिलाड़ियों का मैं स्वागत करता हूं। हम सब ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के अभिन्न अंग हैं। ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन से देश का मान बढ़ाने वाली खेल प्रतिभाओं का सम्मान हमारे लिए गर्व का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल प्रतिस्पर्धा को आगे बढ़ाने और खेलो इंडिया के तहत प्रदेश को अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करने के लिए यूपी सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इस मौके पर उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश के हर गांव में हम एक खेल मैदान बनाएंगे। उत्तर प्रदेश सरकार दो खेलों को गोद लेगी और अगले 10 सालों तक उनका वित्त पोषण करेगी। इसमें से एक खेल कुश्ती है। उत्तर प्रदेश सरकार ने ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, विश्व कप या विश्व चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश के विजेता खिलाड़ियों को राजपत्रित पदों पर सीधी भर्ती प्रदान करने और पुलिस में डिप्टी एसपी का पद देने के लिए अपनी सहमति दी है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *