नहीं रहे सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव, 82 साल की उम्र में हुआ निधन




नवीन चौहान.
समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का आज सुबह करीब सवा आठ बजे मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की सूचना बेटे अखिलेश यादव ने ट्वीट कर दी। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा मेरे आदरणीय पिता जी और सबके नेता नहीं रहे।

पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव के निधन पर यूपी में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। इस दौरान कैबिनेट संबंधित अन्य कार्यक्रम निरस्त रहेंगे। बतादें मुलायम सिंह यादव को बीमारी के चलते 22 अगस्त को मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया था। वहां हालत बिगड़ने पर उन्हें 1 अक्टूबर की रात को आइसीयू में शिफ्ट किया गया था। मेदांता के एक डॉक्टरों का पैनल मुलायम सिंह यादव का इलाज कर रहा था।

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने अपनी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ नेता मुलायम सिंह यादव जी के निधन की दुःखद सूचना प्राप्त हुई। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

इसी तरह उप मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता केशव प्रसाद मौर्य की मुलायम सिंह यादव के निधन पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा सपा पार्टी के संस्थापक व वरिष्ठ राजनेता एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उनका निधन राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं परिजनों तथा समर्थकों को यह असीम दु:ख सहन करने की शक्ति दें।

दूसरे दलों के नेताओं ने भी मुलायम सिंह यादव के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। परिजन उनका शव पहले लखनऊ लेकर जाएंगे वहां से इटावा ले जाने की बात कही जा रही है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *