संजीव शर्मा
मेरठ। जानी थाना क्षेत्र के गांव भूपगढ़ी में शुक्रवार की सुबह खेत पर काम कर रहे एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक किसान का नाम संजय पुत्र कृष्णपाल बताया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मृतक किसान का शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के बाद परिजनों को रो रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार भूपगढ़ी निवासी 52 वर्षीय संजय गांव के बाहर स्थित अपने खेत में काम कर रहा था। वहीं पर उसका पड़ोसी खेत मालिक हेमंत और उसके बेटे से विवाद हो गया। उस वक्त कुछ लोगों ने उनकी बीच बचाव कर दिया लेकिन आरोप है कि कुछ देर बाद हेमंत अपने बेटे के साथ फिर खेत पर पहुंचा और वहां काम कर रहे संजय को तमंचे से गोली मार दी। गोली लगते ही संजय गिर पड़ा और आरोपी वहां से फरार हो गए। गोली मारने की जानकारी जब परिजनों को लगी तो वह दौड़कर मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक संजय दम तोड़ चुका था। घटना की सूचना मिलने पर जानी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर उसके अनुसार केस दर्ज कर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसपी देहात ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश होने की जानकारी सामने आने की बात कही है।