अंतिम संस्कार के दौरान गिरी छत, नीचे दब गए 40 से अधिक लोग




गाजियाबाद। यूपी के गाजियाबाद जिले के मुरादनगर में रविवार को उस वक्त बड़ा हादसा हो गया जब एक श्मशान घाट परिसर में गैलरी की छत अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे में एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में पहुंचे 40 से अधिक लोग दब गए, जिनमें से 18 की मौत हो गई। हादसे में घायल अन्य लोगों की हालत भी गंभीर बनी हुई है।
सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम के अलावा स्थानील लोगों ने रेस्क्यू कर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। जानकारी के अनुसार दयानंद कॉलोनी निवासी दयाराम की शनिवार की रात बीमारी के चलते मौत हो गई थी। रविवार को उनका अंतिम संस्कार करने के लिए लोग शमशान पहुंचे। बताया जा रहा है कि अंतिम संस्कार की प्रक्रिया चल रही थी। सभी लोग श्मशान घाट परिसर में बने भवन के अंदर खड़े होकर आत्म शांति पाठ कर रहे थे। इसी दौरान एक गैलरी की दीवार धंस गई और लिंटर वहां खड़े लोगों के उपर गिर गया। इस हादसे में 40 से अधिक लोग दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। बड़ी संख्या में आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए।
मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के अलावा एनडीआरएफ की टीम भी पहुंच कर राहत कार्य में जुट गई। जेसीबी से लिंटर का मलबा हटाकर उसके नीचे फंसे लोगों को बाहर निकालने का कार्य शुरू किया गया। एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल​ भिजवाया गया। इस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने मृतक परिवार के लोगों को दो दो लाख रूपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। इसके अलावा एडीजी मेरठ जोन और कमिश्नर मेरठ से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है। बताया जा रहा है कि​ जिस गैलरी का लिंटर गिरा उसका निर्माण कुछ दिन पहले ही किया गया था। निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल किये जाने के आरोप लग रहे हैं। इस मामले में जांच कर ठेकेदार के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *