योगेश शर्मा.
लखनऊ में दुबग्गा के बेगरिया में स्थित रियल एस्टेट कारोबारी नंद किशोर (47) ने बुधवार फांसी लगाकर जान दे दी। उनका शव कमरे में पंखे के सहारे लटकता हुआ मिला। उनके बेटे विशाल के मुताबिक वह कुछ दिनों से परेशान चल रहे थे।
नंद किशोर केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर के भतीजे थे। पुलिस के मुताबिक रियल एस्टेट कारोबारी नंद किशोर बुधवार को अपने कमरे में लेटे हुए थे। मृतक के भाई अजय रावत ने बताया कि नंद किशोर का कमरा अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। नंद किशोर का शव कमरे में पंखे के सहारे लटकता मिला।
जानकारी के मुताबिक नंद किशोर ने दो शादी की थी। एक पत्नी मुस्लिम समुदाय और दूसरी हिन्दू समुदाय से है। दोनों पत्नियों से बच्चे हैं। पहली पत्नी शकीला से दो बच्चे जबकि दूसरी पत्नी से दो बेटे और दो बेटियां हैं।