नवीन चौहान.
एक डाक कर्मी के घर पर अक्षय कुमार की फिल्म ‘स्पेशल 26’ की तर्ज पर रेड कर रही फर्जी आयकर अधिकारियों की टीम को लोगों ने शक होने पर पकड़ लिया। यह पूरा मामला ऋषिकेश की वाल्मीकि बस्ती का है।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने एक महिला समेत छह फर्जी अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। सभी लोग दिल्ली के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह वाल्मीकि बस्ती में रहने वाले एक डाक कर्मी के घर पर छह लोग पहुंचे। इन्होंने अपने आपको आयकर विभाग के अधिकारी बताते हुए उसके घर पर छापेमारी शुरू कर दी।
आयकर विभाग की टीम के छापे की खबर से परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। लेकिन कुछ ही देर में परिवार के लोगों को शक हो गया, जिसके बाद उन्होंने पड़ोसियों की मदद से इन फर्जी अधिकारियों को पकड़ लिया।
जिसके बाद इन सभी को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया। कोतवाली पुलिस फर्जी अधिकारियों से पूछताछ कर रही है। ये सभी दिल्ली के रहने वाले बताए जा रहे हैं।