किसानों के मुददे पर सदन से भाग जाता है विपक्ष, भाजपा सरकार कर रही किसान हित में काम : विजयपाल तोमर




मेरठ।
भाजपा के राज्य सभा सांसद विजयपाल तोमर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार हो या प्रदेश की योगी सरकार दोनों ही किसान हित में काम कर रही है। केंद्र सरकार ने गन्ने मूल्य में 5 रूपये प्रति कुंतल की बढ़ोतरी की है, जिसका लाभ किसान को मिला है। सांसद मोदीपुरम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य ललित चौहान के कार्यालय पर मीडिया के साथ वार्ता कर रहे थे।

सांसद विजयपाल तोमर ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी करने का सीधा लाभ किसान को मिलेगा। इसके अलावा एथनॉल के उत्पादन से किसान की आमदनी बढ़ेगी। पूर्व की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि आवश्यकता न होेने पर भी कच्ची चीनी का आयात करने से देश की चीनी मिलों को नुकसान का सामना करना पड़ा। यही कारण रहा कि चीनी मिल समय से किसानों का पेमेंट नहीं कर सकी। लेकिन भाजपा सरकार ने उचित कदम उठाए। चीनी के आयात को बंद किया, निर्यात को बढ़ावा दिया। यही कारण है कि चीनी के दाम 3100 रूपये कुंतल से कम नहीं हुए। चीनी मिलो इसका लाभ मिला और इस बार उन्होंने समय से किसानों को पेमेंट किया।

विजयपाल तोमर ने माना ​कि अभी कुछ चीनी मिलों ने पूरा पेमेंट नहीं किया है, लेकिन ऐसी चीनी मिलों पर प्रदेश सरकार नकेल कस रही है, उम्मीद है जल्दी ही ये मिले भी किसानों को समस्त गन्ना भुगतान कर देंगी। बताया कि भाजपा सरकार में चीनी मिलों ने 85 प्रतिशत तक गन्ना पेमेंट कर दिया है। जबकि पूर्व की सरकारों के समय चीनी मिल आधा भी पेमेंट नहीं करती थी। उन्होंने बताया ​कि एथनॉल के उत्पादन के लिए चीनी मिलों में नए प्लांट लगाए जा रहे है। इसके लिए सरकार ने चीनी मिलों को साढ़े चार हजार रूपये का लोन भी ​दिया है। एथनॉल की खपत पेट्रोल आदि में करने से कई लाभ होंगे। किसान को गन्ने का उचित मूल्य मिलेगा, पर्यावरण को नुकसान नहीं होगा, भारतीय मुद्रा विदेशों में जाने से रूकेगी।

कहा कि एथनॉल के अधिक उत्पादन से किसानों को उसके गन्ने का मूल्य 400 रूपये से भी अधिक मिलने लगेगा, ऐसी उन्हें उम्मीद है। उन्होंने बताया कि यूपी सरकार भी गन्ना मूल्य बढ़ाएगी। गन्ना किसानों के लिए कहा कि सरकार ने ऐसी पालिसी बनायी है कि यदि रिकवरी साढ़े नौ से कम है तो भी किसान को उसके गन्ने का पूरा मूल्य मिलेगा, जबकि पहले यह नहीं था।

किसानों के आंदोलन के सवाल पर कहा कि किसान नेता या विपक्ष कृषि कानून पर चर्चा करने को तैयार नहीं है। जबकि हमारी सरकार बार बार कह रही है कि वो आएं और कानून पर चर्चा करें। सरकार को बताए कि कानून में क्या कमी है। विजयपाल तोमर ने कहा कि वह स्वयं उस कमेटी में रहे हैं। एक भी कानून किसान विरोधी नहीं है। मोदी सरकार ने किसानों के हितों को लेकर पूर्व में की जा रही सिफारिशों को ही लागू किया है। ये सिफारिशें 10 आयोगों ने भी की हैं। ज​ब ये कानून लागू किये गए तब किसान नेताओं ने ही प्रेसवार्ता कर कहा था कि उनकी वर्षों पुरानी मांग सरकार ने मांग कर अच्छा काम किया है। लेकिन अब ये ही किसान नेता कानून को गलत बता रहे हैं।

प्रेसवार्ता के दौरान सांसद विजयपाल तोमर ने कहा कि विपक्ष किसानों के मुददे पर चर्चा करने को तैयार नहीं है। हम किसान नेताओं से कहते हैं कि वह कृषि कानून पर आकर चर्चा करें, सरकार को बताए कहां कमी है, लेकिन वह चर्चा को ही तैयार नहीं है। विपक्ष हर मुददे पर चर्चा को तैयार है लेकिन जब किसान की बात आती है तो वह सदन से भाग जाता है। कहा कि विपक्ष को लेकर सरकार के अच्छे कामों को विरोध करना है। विपक्ष सर्जिकल स्ट्राइक तक पर सरकार से सबूत मांगता है। सरकार हर मुददे पर वार्ता और चर्चा को तैयार है लेकिन विपक्ष चर्चा करना नहीं चाहता।

प्रदेश में अगामी सरकार भाजपा की बने इसे लेकर क्या रणनीति है के सवाल पर कहा कि योगी सरकार प्रदेश में अच्छा काम कर रही है। प्रदेश में भयमुक्त माहौल देने का काम योगी सरकार ने किया है। बेटियां आज सुरक्षित हैं। कोरोना महामारी को नियंत्रण करने के लिए बेहतर प्रबंधन किया। जबकि छोटे राज्य महाराष्ट्र और केरल की सरकारें कोरोना महामारी के नियंत्रण में फिसडडी साबित हो रही हैं। कहा कि प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार के कार्यों की बदौलत ही प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेंगी। जनता भी जान गई है कि केवल भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो सबका साथ और सबका विकास की नीति पर चलकर बिना किसी भेदभाव के कार्य करती है।

प्रेसवार्ता के दौरान समीर चौहान, शीलेंद्र चौहान, राकेश सोम, पूर्व जिला पंचायत सदस्य ललित चौहान, पूर्व भाजयुमो मंत्री मनिंदर विहान, भंवर सिंह चौहान, सुमनेश सुमन, गौरव चौहान, शुभम चौहान आदि मौजूद रहे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *