सत्संग में मची भगदड़ में सौ से अधिक श्रद्धालुओं के मरने की आशंका




न्यूज 127.
उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सिकंदराराऊ कस्बे के फुलरई गांव में मंगलवार को साकार हरि बाबा के सत्संग में बड़ा हादसा हो गया। सत्संग समाप्त होने के बाद यहां से जैसे भी भीड़ निकलना शुरू हुई तो भगदड़ मच गई। भगदड़ में अब तक सौ से अधिक लोगों के मरने की जानकारी सामने आ रही है। हालांकि अभी इस संबंध में अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सोशल मीडिया और बड़े मीडिया समूहों के डिजिटल प्लेट फार्म पर हादसे से संबंधित खबरों में सौ से अधिक लोगों के मरने की जानकारी दी जा रही है। घायलों की संख्या में भी बहुत अधिक है। घायलों को इलाज के लिए आसपास के अस्पतालों में भर्ती किया गया है। मौके पर राहत कार्य चल रहा है। प्रशासन की ओर से पीड़ितों को हर संभव मदद उपलब्ध करायी जा रही है। सीएम योगी आदित्यनाथ स्वयं पूरे घटनाक्रम की जानकारी ले रहे हैं।

राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन सभी पीड़ितों की हरसंभव मदद कर रही है’। मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख तथा घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता देने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिए हैं। कार्यक्रम आयोजकों के विरुद्ध एफआईआर होगी। शासन बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है। हादसे में अब तक 90 लोगों की मौत की खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों के युद्ध स्तर पर संचालन और घायलों के समुचित उपचार के लिए निर्देश दिए हैं।

लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने हाथरस हादसे का जिक्र करते हुए दुख प्रकट किया। उन्होंने पीड़ितों को हर संभव मदद का भरोसा दिया। वहीं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी हादसे पर दुख प्रकट करते हुए एक्स अकाउंट पर लिखा, ‘उत्तर प्रदेश के हाथरस ज़िले में हुआ हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। इस दुर्घटना में जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *