नवीन चौहान
नगर कोतवाली पुलिस ने हरिद्वार के करीब एक दर्जन से अधिक व्यापारियों पर मुकदमा दर्ज किया है। इन तमाम व्यापारियों ने बिना अनुमति के जुलूस निकाला था। जबकि पुलिस और प्रशासन की ओर से जुलूस न निकालने के लिए सूचित कर दिया था। नगर कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव चौधरी, जिलाध्यक्ष शिवकुमार, जतिन हांडा समेत 14 व्यापारियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
14 जनवरी को मकर संक्रांति के दिन बिना प्रशासन की अनुमति लिए व्यापारियों ने हरकी पैड़ी तक जुलूस निकाला था। प्रदेश व्यापार मंडल के व्यापारियों की मांग थी कि मकर संक्रांति के स्नान को कुंभ-2021 में शामिल करते हुए इसकी विधिवत घोषणा की जाए। प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव चैधरी ने कहा कि व्यापारियों के हितों में मुकदमें तो क्या जेल जाने को तैयार हैं। लेकिन यह पुलिस और प्रशासन की खुलेआम तानाशाही है।