किसानों ने किया हाइवे जाम, सड़क पर पकाया खाना




संजीव शर्मा
किसानों ने कृषि बिल का विरोध करते हुए शुक्रवार को हाइवे पर धरना दिया और जाम लगा दिया। जाम के दौरान किसानों ने हाइवे पर ही भटटी चढ़ाकर खाना बनाया। इस दौरान मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर जाम खुलवाने का प्रयास किया लेकिन किसान नहीं माने। करीब छह घंटे तक किसानों ने हाइवे जाम रखा। इस दौरान परतापुर बाइपास की ओर जाने वाले वाहनों को दूसरे रूट से आगे की ओर भेजा गया।
किसानों ने मेरठ में थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र में जिटोली गांव के सामने हाइवे पर जाम लगाया। इस दौरान यहां पहुंचे किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसान केंद्र सरकार द्वारा पास किये गए कृषि​ बिल का विरोध कर रहे थे। भारतीय किसान यूनियन के आहवान पर किसानों ने यह जाम लगाया। पंजाब और ​हरियाणा के किसानों के समर्थन में वेस्ट यूपी के किसान शुक्रवार को दिल्ली के लिए रवाना हुए। इस दौरान किसानों को कई स्थानों पर रोकने के इंतजाम पुलिस प्रशासन ने किये। मुजफ्फरनगर से भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के नेतृत्व में किसानों ने दिल्ली कूच किया। इस दौरान उनके काफिले को बार्डर पर रोका गया, काफी मशक्कत के बाद किसानों को आगे बढ़ने की अनुमति पुलिस प्रशासन ने दी। मेरठ जिले में भी किसानों को रोकने के लिए कई स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं। मोदीपुरम में टोल प्लाजा पर भी भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *