ज्वैलर्स के यहां डकैती में पांच और बदमाश गिरफ्तार, सोने चांदी के जेवरात भी बरामद




नवीन चौहान
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में मोरा तारा ज्वैलर्स के यहां हुई डकैती की घटना में पुलिस ने पांच और बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों के पास से लाखों की नकदी, जेवरात और अवैध हथियार भी बरामद हुए हैं।

गिरफ्तार बदमाश ताऊ गैंग के सदस्य हैं। गिरफ्तार बदमाशों के संबंध में एसएसपी हरिद्वार सैंथिल अबुदई कृष्ण राज एस ने प्रेसवार्ता के दौरान मीडिया को जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पूछताछ में अपने नाम सतीश चौधरी पुत्र महेंद्र निवासी थाना सलेमपुर जिला बुलंदशहर, अमित उर्फ फौजी पुत्र किरण पाल निवासी थाना भवन शामली, संजय उर्फ राजू पुत्र तेजवीर निवासी ग्राम बसोदी थाना शिकारपुर जिला बुलंदशहर, नितिन मलिक पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी ग्राम कुरमाली थाना शामली और विकास उर्फ हिमांशु निवासी रोहिणी दिल्ली बताए हैं।

पुलिस के मुताबिक डकैती की घटना को अंजाम देने वाला मास्टरमाइंड बुलंदशहर का कुख्यात सतीश चौधरी है, जो पूरे नॉर्थ इंडिया में इस तरह की वारदातों को अंजाम देने के लिए जाना जाता है। पुलिस अब तक इस मामले में आठ बदमाशों को गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि सतीश ताऊ गैंग के मास्टरमाइंड के रूप में घटनाओं को एक के बाद एक अंजाम देता आया है। उसने इससे पहले गुजरात के सूरत में हीरा व्यापारी के यहां लूट की थी। रुद्रपुर में नीलम ज्वैलर्स के यहां भी लूट जैसी गंभीर घटनाओं में उसी का हाथ है।

गिरफ्तार 8 बदमाशों में संजय उर्फ राजू पुत्र तेजवीर सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस का बर्खास्त सिपाही है। संजय उर्फ राजू मूल रूप से बुलंदशहर उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। ताऊ गैंग का खौफ ओडिशा, दिल्ली, पंजाब, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और गुजरात जैसे कई राज्यों में हैं।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *