नवीन चौहान
हरिद्वार में बदमाशों के दुस्साहस की पराकाष्ठा देखिए। ज्वालापुर से हरिद्वार की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर शंकर आश्रम से चंद कदमों की दूरी पर मोरा तारा ज्वैलर्स का शोरूम है। सामान्य दिनों की तरह कर्मचारी शोरूम में कार्यरत थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने सुरक्षाकर्मी की कनपटी में तमंचा लगा दिया। इससे पहले की सुरक्षाकर्मी कुछ समझ पाता आधा दर्जन बदमाश शोरूम में घुस गए। जिसके बाद बदमाशों ने शोरूम में दहशत मचा दी। सभी को तमंचे के बल पर डराया और धमकाकर एकजुट कर दिया। जिसके बाद सभी के हाथ रस्सियों से बांधने के बाद एक कमरे में बंद कर दिया। बदमाश शोरूम में रखे जेवरात समेट कर चंपत हो गए। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस महकमे में हडकंप मच गया। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी और एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय, सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह समेत तमाम पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को खंगाला और कर्मचारियों व सुरक्षाकर्मियों से घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी जुटाई। पुलिस बदमाशों की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। नाकेबंदी कर दी गई है। सड़क के आसपास के सीसीटीवी को खंगाला जायेगा। बदमाशों के वाहनों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।