नवीन चौहान.
कानपुर में रविवार की देर रात एक इलैक्ट्रिक बस ने कई लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई जबकि कई गंभीर रूप से घायल हो गए। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अलावा यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने घटना पर शोक जताया है।
कानपुर में रविवार देर रात यह हादसा टाटमिल चौराहे पर उस वक्त हुआ जब एक तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक सिटी बस ने 3 कार और कई बाइक सवारों को रौंद दिया। जिसमें 6 लोगों की जान चली गई। जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।
पूर्वी पुलिस उपायुक्त प्रमोद कुमार के मुताबिक अब तक हादसे में 6 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है। जिनमें 3 लोगों की शिनाख्त हुई है। इस बस ने चौराहे पर लगा पुलिस बूथ भी उड़ा दिया। घटना के बाद बस का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।