मेरठ़। भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व पार्षद राकेश शर्मा ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस के कारण ही अंग्रेजों को देश छोड़कर जाना पड़ा और हमें आजादी मिली। पूर्व में भुला दिए गए नेताजी के योगदान को वर्तमान सरकार याद कर रही है।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती सोमवार को देवी अहिल्याबाई इंटर कॉलेज लिसाड़ी में पराक्रम दिवस के रूप में मनाई गई। इस दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करके नेताजी को याद किया। उपस्थित लोगों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
मुख्य वक्ता राकेश शर्मा ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम से अंग्रेज कांपते थे। आजाद हिन्द फौज के कारण ही अंग्रेजों ने भारत को आजादी दी। पूर्ववर्ती सरकारों ने देश के स्वतंत्रता संग्राम में नेताजी के योगदान को कमतर दिखाया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार नेताजी सुभाष के योगदान को जनता के सामने ला रही है। इसके साथ ही कई नए रहस्य भी उजागर हो रहे हैं। जिनके बारे में देशवासियों को जानने की आवश्यकता है।
प्रधानाचार्य डॉ. डीके पाल ने कहा कि नेताजी की मौत के रहस्य को उजागर करना चाहिए, ताकि जनता को सही स्थिति का पता चल सकें। संचालन लक्ष्मी शर्मा ने किया। इस अवसर पर डॉ. कुलदीप त्यागी, महाश्वेता देवी, प्राची राजवंशी, गौरव आदि उपस्थित रहे।