कांग्रेस सांसदों ने कृषि कानूनों के खिलाफ किया प्रदर्शन, दैनिक भास्कर ग्रुप का मुद्दा भी उठाया




दैनिक भास्कर ग्रुप पर सरकारी दबिश का मुद्दा विपक्ष ने जोर-शोर से उठाया

नवीन चौहान.
संसद में मानसून सत्र के तीसरे दिन भी हंगामा हुआ।। संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही 11 बजे शुरू हुई। विपक्ष ने कार्यवाही शुरू होते ही कृषि कानून और पेगासस को लेकर हंगामा कर दिया। जिसके बाद राज्यसभा और लोकसभा की कार्यवाही को 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

कांग्रेसी सांसदों ने राहुल गांधी के नेतृत्व में कृषि कानूनों के खिलाफ संसद परिसर में प्रदर्शन किया।वहीं दूसरी ओर नए कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर आज किसान विरोध प्रदर्शन रैली निकाल रहे हैं।

बता दें कि लोकसभा की एक भी बैठक अब तक नहीं हो पाई है। राज्यसभा में कोरोना वायरस पर चर्चा जरूर हुई। इस चर्चा में केंद्र सरकार के बयान ऑक्सीजन की कमी से एक भी मौत न होने पर जमकर हंगामा हुआ। हालांकि, अधिकतर राज्यों ने कहा है कि उनके यहां ऑक्सीजन की कमी से किसी की जान नहीं गई।

किसान आज जंतर मंतर पर अपनी संसद लगा रहे है। 200 किसानों को जंतर मंतर पर सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक प्रदर्शन की अनुमति दी गई है। बसों से किसानों को यहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लाया गया। मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।

कांग्रेस और कुछ अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों ने कृषि कानूनों के मुद्दे पर गुरुवार को लोकसभा में हंगामा किया। हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही शुरू होने के 10 मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

कांग्रेस के सदस्यों ने ‘काले कानून वापस लो’ के नारे लगाए। उन्होंने तख्तियां हाथ में ले रखी थीं। इनमें से एक तख्ती पर ‘अन्नदाता का अपमान बंद करो, तीनों कृषि कानून रद्द करो’ लिखा था।

लोकसभा अध्यक्ष ओम प्रकाश बिरला ने कहा कि आप चर्चा करिए, जनता ने सदन में आपको चर्चा करने के लिए भेजा है। यदि तख्तियां दिखानी है तो आप सदन से बाहर चले जाएिये।

मानसून सत्र में दैनिक भास्कर ग्रुप पर सरकारी दबिश का मुद्दा विपक्ष ने जोर-शोर से उठाया है। विपक्षी सदस्यों ने राज्यसभा में भास्कर ग्रुप पर इनकम टैक्स विभाग के छापों का विरोध किया और नारेबाजी की। इसके बाद सदन दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दिया गया। लोकसभा में भी हंगामा हुआ, यहां फोन टैपिंग और जासूसी का मुद्दा भी उठा। लोकसभा को भी 2 बजे तक स्थगित कर दिया गया है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *