कर्नल कोठियाल ने संभाली आप की कमान तो कांग्रेस और भाजपा की नींद गायब




नवीन चौहान.
उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी ने दस्तक दे दी है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कर्नल अजय कोठियाल को आम आदमी में शामिल करके सत्ता की जंग का ऐलान कर दिया। उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने भी मुख्यमंत्री की कुर्सी पर कर्नल अजय कोठियाल को बैठाने का इशारा कर दिया। ​कुल मिलाकर जब से आम आदमी पार्टी की कमान कर्नल अजय कोठियाल ने संभाली है तो भाजपा और कांग्रेस की आंखों से नींद गायब हो चुकी है।

भाजपा दोबारा सत्ता हासिल करने के लिए बूथ स्तर की रणनीति बनाकर मैदान में उतर चुकी है। वही कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को अध्यक्ष बनाकर चुनाव की जिम्मेदारी सौंप दी है। हरीश रावत के लिए खुद को साबित करने का आखिरी अवसर है। लेकिन कर्नल अजय कोठियाल की सादगी लोगों के दिल को छू पाने में सफल हो रही है।

रिटायर्ड फौजी कर्नल अजय कोठियाल ने हाल के दिनों में ही आम आदमी पार्टी की सदस्यता लेकर राजनीति में कदम रखा। एक फौजी कर तरह ही शांति से राजनीति में आए और विरोधियों में खलबली मचा दी। युवाओं की टीम को जोड़ा और जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया। दिल्ली के मुख्यमंत्री और पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने भी कर्नल कोठियाल को पूरी जिम्मेदारी सौंप दी।

कर्नल कोठियाल जनता के बीच निकल पड़े। जहां जाते उनकी लोकप्रियता बढ़ती जाती। क्षेत्रों का दौरा करने के दौरान जनता की भीड़ जुटती। कर्नल कोठियाल की पहचान एक दृढ़ संकल्पवान व्यक्तित्व के रूप में है। केदारनाथ को पुर्नस्थापित करने में उनके योगदान से पूरा उत्तराखंड भली भांति परिचित है। जिसका सीधा लाभ आगामी दिनों में आम आदमी पार्टी को मिलने जा रहा है।

वहीं अगर भाजपा की बात करें तो साढ़े चार साल में तीन मुख्यमंत्री बनाने का रिकार्ड पार्टी बना चुकी है। भाजपा के तीन अभिनव प्रयोग उनकी पार्टी के लिए सबसे बड़ी मुसीबत बन चुके है। कांग्रेस और आप पार्टी विधानसभा चुनाव में तीन मुख्यमंत्री बदलने के रिकार्ड को खूब भुनायेगी। वहीं कांग्रेस अपने मजबूत जनाधार के आधार पर सत्ता हासिल करने का सपना देख रही है। लेकिन आप की दस्तक इन दोनों की पार्टियों के लिए मुसीबत का सबब बन चुकी है।

आप को कमजोर समझने की भूल दोनों पार्टियों को बहुत भारी पड़ेगी। फिलहाल कर्नल साहब मैदान में डटे है। भाजपा नए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वागत सत्कार में जुटी है। कांग्रेस चुनावी मोड में आ गई है। अब साल 2022 का विधानसभा चुनाव दिलचस्प होने जा रहा है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *