मतगणना से पहले ही हार मान गए भाजपा के संजय गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष को बताया गद्दार




नवीन चौहान.
14 फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव के समाप्त होने के बाद लक्सर सीट से भाजपा प्रत्याशी संजय गुप्ता ने प्रदेश अध्यक्ष पर बड़ा आरोप लगाते हुए उन्हें पार्टी का गद्दार बता दिया। उनके इस बयान से साफ झलक रहा है कि वह इस सीट पर मतगणना से पहले ही हार मान बैठे हैं।
भाजपा ने इस बार प्रदेश में 60 प्लस का दावा करते हुए चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारे थे। पिछले चुनावों में भाजपा को हरिद्वार में 8 सीट मिली थी, जबकि कांग्रेस को तीन सीट मिली थी। वर्ष 2017 के चुनाव में लक्सर सीट पर भाजपा प्रत्याशी संजय गुप्ता विजयी हुए थे। लेकिन इस बार इस सीट पर बीएसपी प्रत्याशी का पलड़ा भारी दिख रहा है। शायद यही वजह है कि इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी और वर्तमान विधायक संजय गुप्ता अपनी परिणाम आने से पहले ही हार मान चुके हैं। उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर सीधे आरोप लगा रहे हैं। वीडियो में वह कह रहे है कि प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक पार्टी का गद्दार है, उसने भाजपा प्रत्याशी को हराने का काम किया है, उसी की वजह से भाजपा कई सीटों पर हार रही है। संजय गुप्ता ने यह भी कहा कि मदन कौशिक ने अपने सभासदों और कार्यकर्ताओं से भाजपा प्रत्याशी को हराने के लिए काम कराया और बसपा प्रत्याशी को जिताने का काम किया। संजय गुप्ता अपने आपको पार्टी का कर्मठ कार्यकर्ता बता रहे हैं और कह है कि भाजपा जैसी राष्ट्रवादी पार्टी में रहने का मदन कौशिक को कोई अधिकार नहीं है। संजय ने मदन कौशिक को पार्टी से बाहर निकालने की मांग की है।
उनके इस बयान से पार्टी में भी हड़कंप मचा है, हालांकि जब संजय गुप्ता से वायरल वीडियो के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इस पर अब कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया। वहीं दूसरी ओर अभी इस संबंध में मदन कौशिक का पक्ष भी सामने नहीं आया है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *