दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में जल्द बरसेंगे बदरा, पहाड़ों पर भी बारिश का अलर्ट




नवीन चौहान
उत्तर भारत में मानूसनी फुहार जल्द ही गरमी से राहत दिलाएंगी। बंगाल की खाड़ी में मानसूनी सिस्टम मजबूत हुआ है। ओडिशा व पश्चिम बंगाल के आसपास के तटीय क्षेत्रों पर एक सिस्टम बना हुआ है इसके असर से 10 जुलाई से 12 जुलाई के बीच दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में बारिश होगी। जल्द ही मानसून देश के अन्य हिस्सों में अपनी दस्तक देगा।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने देशभर में अगले 15 दिनों के मौसम का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि वर्तमान में बने सिस्टम के कारण 9 जुलाई से दक्षिण और पूर्व मध्य भारत में मॉनसून अपने तेवर दिखाएगा, यानी कर्नाटक, तेलंगाना, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, छत्तसीगढ़, असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में बारिश होगी। 10 जुलाई से उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में मानसून सक्रिय होने की संभावना है। इस दौरान दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, हिमाचल, उत्तराखंड में झमाझम बारिश देखने को मिल सकती है।
हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 10 जुलाई से 14 जुलाई तक भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश में 09 से 10 जुलाई के दौरान बारिश का अनुमान है। सप्ताह के अधिकांश दिनों के दौरान मध्य और आस-पास के पूर्वी भारत (मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा) में अलग-अलग इलाकों में व्यापक रूप से बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक 15 से 22 जुलाई के बीच देश के अधिकांश हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है। इससे उत्तर पश्चिम भारत, मध्य-पूर्वी भारत और दक्षिण प्रायद्वीप के मैदानी इलाकों में भारी बारिश की संभावना है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *