हस्तिनापुर में बनेगा पुरातात्विक साईट म्यूजियम, डीएम ने दिये जमीन चिन्हित करने के निर्देश




नवीन चौहान.
मेरठ। भारत सरकार द्वारा देश के पुरातात्विक महत्व के पांच स्थलों को आईकोनिक साईट के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है। जिससे पर्यटन, सर्वेक्षण आदि को बढ़ावा मिलेगा। इन पांच स्थलों में से जनपद का हस्तिनापुर भी शामिल है। जिसके लिए हस्तिनापुर में 05 एकड की भूमि पर पुरातात्विक स्थल म्यूजियम (आर्केलोजिकल साईट म्यूजियम) बनाया जायेगा।

जिलाधिकारी के. बालाजी ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में हस्तिनापुर में पुरातात्विक साईट म्यूजियम बनाने के संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक कर भूमि का जल्द से जल्द चिन्हांकन कर प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिये।

जिलाधिकारी के. बालाजी ने बताया कि हस्तिनापुर को आईकोनिक साईट के रूप में विकसित किया जायेगा। जिससे पर्यटन, सर्वेक्षण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए हस्तिनापुर में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (एएसआई) द्वारा पुरातात्विक स्थल म्यूजियम (आर्केलोजिकल साईट म्यूजियम) बनाया जायेगा। इस म्यूजियम में देश के गौरवशाली विरासत को तथा खुदाई में मिल रहे अवशेषो को भी प्रदर्शित किया जायेगा।

उन्होंने उक्त म्यूजियम के लिए 05 एकड़ भूमि को चिन्हित करने के लिए एसडीएम मवाना, पर्यटन विभाग व एएसआई को निर्देशित किया। उन्होेने बताया कि जमीन चिन्हांकन कर प्रस्ताव शासन को भेजा जायेगा। म्यूजियम बनाने व उसमें प्रदर्शित की जाने वाली विभिन्न चीजो का कार्य भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (एएसआई) द्वारा किया जायेगा।

इस अवसर पर एसडीएम मवाना अमित कुमार गुप्ता, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अंजू चौधरी, एसडीओ फोरेस्ट सुभाष चौधरी, आरएसओ जी.डी. बारीकी, राजकीय संग्रहालयाध्यक्ष पतरू सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण आदि उपस्थित रहे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *