बारिश के बीच पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने किया मां सुरकंडा देवी मंदिर के परिसर में वृक्षारोपण




नवीन चौहान.
देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बुधवार को बारिश के बीच टिहरी जिले के सुरकुट पहाड़ी पर अवस्थित आदि शक्ति मां सुरकंडा देवी के परिसर में पार्टी कार्यकर्ताओं, देवभूमि विकास संस्थान और वन विभाग के कर्मचारियों के सहयोग से 500 पौधे रोपे।

इस दौरान उन्होंने मां सुरकंडा देवी की पूजा अर्चना के बाद वापस लौटते हुए पार्टी और देवभूमि विकास संस्थान के कार्यकर्ताओं के साथ मां के परिसर के निकट और मंदिर मार्ग के आसपास बिखरे दो कुंतल से अधिक प्लास्टिक के कचरे को थैलियों में एकत्र किया।

इसके जरिए उन्होंने मां के दर्शनों के लिए वहां आने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही प्रदेश की जनता का भी आह्वान किया कि मंदिरों, पर्यटक स्थलों और घर के आसपास कचरा न फेंके और न हीं फेंकने दें। साथ ही नियमित तौर पर सफाई भी करें। सभी के प्रयासों से हम देवभूमि को साफ सुथरा रख सकते हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत बुधवार सुबह पार्टी कार्यकर्ताओं और देवभूमि विकास संस्थान के सदस्यों के साथ मां सुरकंडा देवी परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम के लिए रवाना हुए। मसूरी बार्लोगंज, सुआखोली, धनोल्टी और कद्दूखाल में पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता ने उनका जोरदार स्वागत किया।

इसके बाद बारिश में ही पूर्व सीएम ने मां सुरकंडा देवी परिसर के निकट पहुंचकर बुरांस का पौधा रोपकर वृक्षारोपण कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद देव भूमि विकास संस्थान, पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने वन विभाग के सहयोग से वहां बुरांस, देवदार और अन्य फलदार प्रजाति के पौधों का रोपण किया।

इस मौके पर पूर्व सीएम ने कहा कि पर्यावरण के संरक्षण के लिए वृक्षारोपण के लिए आज प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना चाहिए। प्रकृति का संरक्षण और संवर्द्धन हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी भी है। हम सभी के निरंतर प्रयासों से पर्यावरण को संरक्षित और प्रकृति का संतुलन बनाया जा सकता है।

वृक्षारोपण कार्यक्रम में मेयर देहरादून सुनील उनियाल गामा, जिलाध्यक्ष भाजपा शमशेर सिंह, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य पृथ्वीराज चौहान, मंडल अध्यक्ष हीरामणि, पूर्व ब्लाक प्रमुख गीता रावत, पूर्व ब्लाक प्रमुख कुंवर सिंह पवार, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र राणा, जिला पंचायत सदस्य सनवीर बेलवाल, मंडल उपाध्यक्ष जयपाल केरवान, मंडल उपाध्यक्ष जय प्रकाश नौटियाल, ओमप्रकाश युवा मोर्चा अध्यक्ष रमन रावत, दीपेंद्र सिंह रावत, भाग सिंह रावत, राकेश उनियाल, प्रधान पूर्ण सिंह खेमराज भट्ट, वीरेंद्र रावत महिला मोर्चा महामंत्री पूनम, बबीता सजवान आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

एसडीएम लक्ष्मी राज चौहान और डीएफओ भंडारी और वन विभाग धनोल्टी के कर्मचारियों ने भरपूर सहयोग किया। इसके लिए पूर्व मुख्यमंत्री ने सभी कर्मचारियों और अन्य कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *