एप के जरिए मिलेगी भूकंप से पहले चेतावनी, सीएम ने किया एप्लीकेशन का शुभारंभ




नवीन चौहान.
भूकंप आने की अब समय से चेतावनी मिल जाएगी। यह जानकारी एक एप के जरिए मिलेगी। जिसका शुभारंभ बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में किया। यह एक मोबाइल एप्लीकेशन है जिसे ‘उत्तराखंड भूकंप अलर्ट’ एप का नाम दिया गया है। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, आपदा प्रबंधन विभाग एवं भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रुड़की के सौजन्य से बनाये गये इस एप के माध्यम से भूकंप से पूर्व चेतावनी मिल जाएगी।

बताया गया कि इस तरह का एप बनाने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य है। इससे जन सुरक्षा में मदद मिलेगी। इस एप के माध्यम से भूकंप के दौरान लोगों की लोकेशन भी प्राप्त की जा सकती है। भूकंप अलर्ट के माध्यम से भूकंप से क्षतिग्रस्त संरचनाओं में फंसे होने पर सूचना दी जा सकती है। उत्तराखंड भूकंप अलर्ट एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। इस एप के माध्यम से लोगों को भूकंप की पूर्व चेतावनी मिल सके, इसके लिए इस एप की लोगों को जानकारी दी जाए। इस एप का व्यापक प्रचार प्रसार भी किया जाए। आपदा प्रबंधन विभाग को इसकी लघु फिल्म बनाकर जन जन तक पहुंचाने के लिए कहा गया। सीएम ने कहा कि प्रदेश के स्कूलों में भी इस एप की जानकारी दी जाए।

लोगों के पास मैसेज के जरिए जानकारी पहुंचे इसकी भी व्यवस्था एप में करने के लिए सीएम ने अधिकारियों से कहा। उन्होंने कहा कि भूकंप पूर्व चेतावनी में सायरन एवं वॉयस दोनों माध्यमों से अलर्ट की व्यवस्था की जाए।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *