नवीन चौहान.
अस्पताल में बिस्तर है या नहीं इसे लेकर परेशान नहीं होना पड़ेगा। अब यह सब जानकारी घर बैठ मोबाइल पर मिलेगी। इसके लिए जिला प्रशासन आज मोबाइल एप लांच करने जा रहा है। जिसके बाद मरीजों की समस्या दूर होगी।
हरिद्वार के जिलाधिकारी सी रविशंकर कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। अपनी दूरदर्शिता ओर सकारात्मक सोच के जरिए प्रबंधन को बेहतर बना रहे हैं। जब उन्होंने देखा कि कोरोना मरीजों को अस्पतालों में भर्ती होने के लिए भटकना पड़ रहा है तो उन्होंने इस समस्या का समाधान करने की ठानी। अस्पताल में बिस्तर खाली है या नहीं, आक्सीजन की क्या व्यवस्था है, वेंटीलेटर उपलब्ध है या नहीं यह सब जानकारी अब कोई भी घर बैठे प्राप्त कर सकेगा।
जिलाधिकारी सी रवि शंकर ने बताया कि अब मरीजों को इस मोबाइल एप के जरिए रियल टाइम जानकारी मिलती रहेगी। मरीजों को इलाज के लिए इधर उधर भटकना नहीं पड़ेगा। यह एप आज लांच कर दिया जाएगा। इस एप के लांच होने के बाद हरिद्वार के मरीज और उनके तीमारदारों को राहत मिलेगी।
इस एप के जरिए जनपद के सभी अस्पतालों के नाम उनके यहां उपलब्ध सुविधा, बिस्तर आदि की जानकारी अपलोड रहेगी। अस्पताल में कितने मरीज भर्ती हैं, कितने बिस्तर खाली है, इसका डाटा हर समय अपडेट किया जाएगा। आक्सीजन की उपलब्धता कितनी है, अस्पताल में आक्सीजन की स्थिति क्या है यह भी जानकारी मिलती रहेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस एप के लांच होने से लोगों को काफी राहत मिलेगी।
इसके अलावा जिलाधिकारी सी रविशंकर ने बताया कि पर्सनल यूज वाले आक्सीजन सिलेंडर ऐसे मरीजों के लिए जो घर ही अपना इलाज करा रहे हैं, उन्हें जिला अस्पताल से उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। जिलाधिकारी का कहना है कि हम सभी व्यवस्थाएं बना रहे हैं, किसी भी मरीज को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। मरीज के इलाज के लिए हर संभव सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं।