ऋषिकेश से वापस लौट रही विदेशी महिला से मारपीट, रात में सड़क पर अकेला छोड़कर भाग गए दोस्त




संजीव शर्मा
ऋषिकेश से घूमकर अपने साथियों के साथ वापस लौट रही एक विदेशी महिला के साथ उसके ही दोस्तों ने न केवल मारपीट की बल्कि उसे रात में हाइवे पर अकेला छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता ने घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए अपने दोस्तों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार यह मामला शनिवार देर रात का है। बताया जा रहा है कि विदेशी महिला अफगानिस्तान की रहने वाली है। कुछ समय से वह दिल्ली में अपने दोस्तों के साथ रह रही है। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि वह शनिवार को अपने दोस्तों के साथ हरिद्वार और ऋषिकेश से घूमकर शनिवार को कार से वापस दिल्ली लौट रही थी। देर रात हाइवे पर सिवाया टोल प्लाजा के पास उसके दोस्तों ने उसके साथ गाली गलौच कर मारपीट की और जबरन कार से धक्का देकर नीचे उतार दिया।

रात में अकेली विदेशी महिला को बदहवास हालत में देखकर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिस पर थाना दौराला पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से पूछताछ कर घटना की जानकारी की। पुलिस महिला को अपने साथ थाने ले आयी, जहां महिला ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी पुलिस को दी। थाना प्रभारी ने मामला विदेशी महिला से जुड़ा होने के कारण इसकी जानकारी अपने उच्चाधिकारियों को दी। जिसके बाद महिला की तहरीर के आधार पर उसके दोस्तों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।

थाना पुलिस के मुताबिक महिला ने अपने सा‌थियों मुल्ला सिद्दकी, मुस्तफा व तबस्सुम के खिलाफ तहरीर दी है। पीड़ित महिला की तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने उसे महिला पुलिसकर्मी के साथ दिल्ली भेज दिया। थाना पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *