चंद्रशेखरन नटराजन होंगे टाटा संस के नए चेयरमैन




मुंबई: टाटा समूह ने रतन टाटा के नए उत्तराधिकारी के तौर पर चंद्रशेखरन नटराजन को चुना है। गुरूवार को चंद्रशेखरन नटराजन को टाटा संस का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। टाटा संस के 150 के इतिहास में चंद्रशेखरन पहले ऐसे शख्स हैं जो पारसी नहीं हैं। साइरस मिस्त्री के टाटा समूह से निष्कासन के बाद नटराजन की ​तैनाती की गई है।

गुरुवार शाम टाटा बोर्ड की अप्रत्याशित बैठक बुलाई गई। टाटा समूह के अधिकारियों के बोर्ड के पास नया चेयरमैन नियुक्त करने के लिए 24 फरवरी तक का समय था लेकिन इससे पहले ही बोर्ड ने एक नाम पर अपनी सहमति दे दी। चंद्रशेखरन 21 फरवरी से अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे।
अब टाटा संस के चेयरमैन के साथ-साथ कंपनी की तरफ से एक या दो वाइस चेयरमैन के नाम की भी घोषणा की जा सकती है। इस ऐलान के बाद कार्यकारी चेयरमैन की भूमिका में मौजूद रतन टाटा एक बार फिर चेयरमैन एमेरिटस की भूमिका में आ जाएंगे। हालांकि कयास यह भी लगाया जा रहा है कि रतन टाटा को टाटा संस बोर्ड दो साल के लिए वरिष्ठ सलाहकार की भूमिका में भी नियुक्त कर सकता है।

टाटा संस के नए चेयरमैन पद की रेस में सबसे मजबूत नाम चंद्रशेखरन नटराजन (53 वर्षीय) का था। चंद्रशेखरन टीसीएस के सीईओ और मेनेजिंग डायरेक्टर हैं। टीसीएस टाटा समूह की फ्लैगशिप कंपनी होने के साथ-साथ 16.5 अरब डॉलर नेटवर्थ के साथ समूह की सबसे प्रभावशाली कंपनी है।

जिस पांच सदस्यीय सर्च कमिटी ने चंद्रशेखरन नटराजन के नाम पर सहमति बनाई उसमें रतन टाटा, टीवीएस ग्रुप के हेड वेणु श्रीनिवासन, बेन कैपिटल के अमित चंद्रा, पूर्व राजनयिक रोनेन सेन और लॉर्ड कुमार भट्टाचार्य शामिल रहे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *