अखिलेश बने सपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष, अमर सिंह को पार्टी से बाहर किया




लखनऊ: समाजवादी पार्टी के आपातकालीन विशेष राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रस्ताव पेश करके कई अहम फैसले लिए गए। इसमें सीएम अखिलेश यादव को पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया गया है। साथ ही शिवपाल यादव से प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी भी छिन गई है और अमर सिंह को भी पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। वहीं, मुलायम सिंह को पार्टी का संरक्षक बनाया गया है। जनेश्वर मिश्र पार्क में रविवार को हुए इस विशेष अधिवेशन की अध्यक्षता किरणमय नंदा ने की।

सपा के विशेष अधिवेशन में सीएम अखिलेश ने कहा कि मैं नेता जी का पहले भी सम्मान करता था आगे उससे भी ज्यादा करूंगा। कुछ ताकतें ऐसी हैं जो चाहती हैं की सरकार न बने। उन्होंने पार्टी के खिलाफ साजिश करके नेताजी के सामने संकट पैदा कर दिया। नेताजी के खिलाफ साजिश करने वालों के खिलाफ हूं। नेताजी एक बार भी कहते तो मैं अपने पद से हट जाता।  बहुमत के साथ जब उत्तर प्रदेश में दोबारा सरकार बनेगी तो सबसे ज्यादा नेताजी ही खुश होंगे। नेताजी का सम्मान और स्थान सर्वोच्च है। मेरा नेताजी से रिश्ता कोई खत्म नही कर सकता। पार्टी और परिवार बचाने के लिए सभी जिम्मेदारी निभाऊंगा। बेटा होने के नाते नेताजी के खिलाफ साजिश नहीं होने दूंगा। हो सकता है कि लोग कई आरोप लगाएं, पर नेता जी के खिलाफ और पार्टी के खिलाफ साजिश नहीं होने दूंगा। तीन से चार महीने काफी अहम हैं। न जाने नेताजी से कौन मिलकर क्या आदेश टाइप करवा दे। अगर पार्टी को बचाना होगा तो पार्टी के साथ और परिवार को बचाना होगा तो परिवार के साथ खड़ा रहूंगा।

राममगोपाल यादव ने अधिवेशन में कहा कि पार्टी में आपातकाल का समय है। दो लोगों ने साजिश कर अखिलेश को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष से हटाया। उसके बाद टिकट का बंटवारा हुआ। साथ देने वाले लोगों को पार्टी से निकाल दिया गया। ये लोग नहीं चाहते थे कि अखिलेश फिर से मुख्यमंत्री बनें। इन लोगों ने नेताजी को गुमराह किया। शिवपाल यादव और अमर सिंह ने नेताजी को गुमराह करके मनमाने फैसले लिए। सरकार का काम अच्छा चल रहा था, सीएम लगातार विकास के काम कर रहे थे। अखिलेश यादव को सर्वसम्मति से राष्ट्रीय और संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पास किया। रामगोपाल ने कहा कि इसे जल्द ही निर्वाचन आयोग को इस बारे में सूचित किया जाएगा। अधिवेशन में सर्वसम्मति से नेताजी को पार्टी का संरक्षक बनाया जाता है। पार्टी के शीर्ष नेता उनसे राय लेते रहेंगे। साथ ही शिवपाल यादव को तत्काल प्रभाव से प्रदेश अध्यक्ष और राज्य कार्यकारिणी के पद से हटाया जाता है। पार्टी के खिलाफ साजिश रचने वाले अमर सिंह को तत्काल प्रभाव से पार्टी से बाहर कर दिया गया है।

 



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *