बेहोशी की हालत में सड़क पर मिली महिला, मेडिकल अस्पताल में थी भर्ती




संजीव शर्मा
मेडिकल अस्पताल में भर्ती करायी गई एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क पर बेहोशी की हालत में मिली। लोगों की सूचना पर थाना नौचंदी पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया। भर्ती कराते समय पता चला कि महिला मेडिकल अस्पताल में ही भर्ती थी लेकिन बिना बताए वह यहां से चली गई थी। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी यह महिला मेडिकल अस्पताल से दो बार गायब हो चुकी है।

महिला कहां की रहने वाली है यह तो पता नहीं चला है लेकिन उसके हाथ पर नेहा लिखा हुआ है। जानकारी के अनुसार रविवार की देर रात गाजियाबाद के थाना मोदीनगर पुलिस ने इस महिला को मेरठ के मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया था। बताया जा रहा है कि यह महिला वहां बस स्टैंड पर बदहवासी की हालत में मिली थी। पहले उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया था जहां से उसकी हालत को देखते हुए मेडिकल रेफर किया गया था। यह महिला सोमवार की सुबह गढ़ रोड पर एक होटल के पास बेहोशी की हालत में मिली। स्थानीय दुकानदारों की नजर जब इस महिला पर गई तो उन्होंने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलने पर थाना नौचंदी पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया। पुुलिस का कहना है​ कि यह महिला मानसिक रूप से कमजोर है, इसके बारे में अधिक जानकारी अभी नहीं मिली है। महिला के परिजनों के बारे में जानकारी की जा रही है। फिलहाल महिला का इलाज कराया जा रहा है। महिला फिर से फरार न हो इसके लिए उस पर ध्यान रखने के लिए कहा गया है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *