नवीन चौहान
पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने राजधानी देहरादून में संगीन अपराधों की घटनाओं का खुलासा होने में देरी को लेकर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने चेन लूट की घटनाओं का खुलासा करने के लिए थाना प्रभारियों को सात दिन का अल्टीमेटम देने के निर्देश जारी किए है। अपराध का खुलासा करने में नाकाम रहने की स्थिति में संबंधित थाना प्रभारी को कम अपराध वाले क्षेत्रों में भेजने के आदेश दिए है।
पुलिस मुख्यालय देहरादून में जनपद देहरादून में हुई चैन स्नैचिंग, चैन लूट की घटनाओं के सम्बन्ध में अशोक कुमार, महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखण्ड द्वारा समीक्षा बैठक की गई। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र अजय रौतेला, पुलिस अधीक्षक नगर देहरादून श्वेता चौबे एवं सम्बन्धित क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने कहा कि विगत दिनों घटनाएं में इजाफा हुआ। भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो इसके लिए preventive actions जैसे पिकेटिंग, वाहन चैकिंग, पेट्रोलिंग पर जोर दिया जाए। प्रभावी तरीके से चेकिंग कराई जाए। इसी के साथ डीजी एलओ अशोक कुमार ने चैन स्नैचिंग, चैन लूट की घटनाओं को 7 दिवस के भीतर वर्कआउट करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र को निर्देशित किया कि घटनाओं का अनावरण न होने पर सभी सम्बन्धित थानाध्यक्षों को कम अपराध वाले क्षेत्रों में भेज दिया जाए। डीजी एलओ अशोक कुमार ने कहा कि पुलिस का पहला कार्य जनता को सुरक्षा प्रदान करना है। इसमें किसी प्रकार की कोई कोताही बर्दाश्त नही की जायेगी।