नवीन चौहान
बुधवार की देर शाम करीब आठ बजे अज्ञात बदमाशों ने व्यापारी को गोली मार दी। व्यापारी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत चिंता जनक बतायी गई। व्यापारी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर के लिए रैफर कर दिया गया है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के आदर्श नगर में रात करीब आठ बजे 60 वर्षीय व्यापारी रामपाल कश्यप अपने रेस्टोरेंट में बैठे थें तभी अचानक लाइट चली गई। तभी रेस्टोरेंट्स के अंदर से गोली चलने की आवाज आई। लोग रेस्टोरेंट की तरफ भागे तो दो युवक पैदल मौके से भागते दिखाई दिए। रेस्टोरेंट के अंदर रामपाल घायल अवस्था में पड़े थे। मौके पर एकत्र हुए लोग रामपाल को दुर्गा चौक स्थित एक निजी अस्पताल में लेकर गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सीओ चंदन सिंह बिष्ट और कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है। घटना के कारणों को भी पुलिस जानने में जुटी है।