अयोध्या मंदिर निर्माण के ​लिए चंदा मांग रहे ट्रस्ट के अध्यक्ष को किया गिरफ्तार




संजीव शर्मा

मेरठ। अयोध्या मंदिर निर्माण के लिए श्रीराम तीर्थ ट्रस्ट बनाकर चंदा मांगने का मामला सामने आया है। आरोपी गांव में मंदिर से एनाउमेंट कराकर मंदिर निर्माण के लिए चंदा मांग रहे थे। इसकी जानकारी जब विश्व हिन्दू परिषद कार्यकर्ताओं को मिली तो उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस में कर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। आरोपी किसके कहने पर चंदा एकत्र कर रहे थे, उनके साथ इस काम में और कौन कौन है इसकी जानकारी की जा रही है।

विहिप कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि गांव में कुछ लोग मंदिर से एनाउंसमेंट कराकर अयोध्या मंदिर निर्माण के लिए चंदा मांग रहे हैं। सूचना मिलने पर विहिप के महानगर संयोजक अर्जुन राठी, महानगर मंत्री निमेष वशिष्ठ गांव पहुंचे और चंदा मांगने वालों के बारे में ग्रामीणों से जानकारी की। जानकारी मिलने पर विहिप कार्यकर्ता दिग्विजय सिंह तोमर ने संगठन के पदाधिकारियों को पूरी जानकारी से अवगत कराया। विहिप पदाधिकारियों ने बताया कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने चंदा देने के लिए अपना खाता संख्या जारी कर रखा है। जारी किये खाते के अलावा अन्य किसी भी खाते में निर्माण संबंधी चंदा या सहयोग राशि नहीं ली जा रही है। यदि कोई किसी अन्य ट्रस्ट और संस्था के माध्यम से चंदा वसूलता है तो वह गलत है।
चंदा मांगने वालों के बारे में पता चलने पर विहिप कार्यकर्ता श्रीराम तीर्थ ट्रस्ट के जागृति विहार स्थित कार्यालय पर पहुंचे। यहां ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र राणा निवासी गांव कुरालसी, मुजफ्फरनगर से उन्होंने पूछताछ कर चंदा मांगने के संबंध में जानकारी मांगी तो वह ठीक से कोई भी जानकारी नहीं दे सका। कार्यकर्ताओं ने पूरे मामले की जानकारी थाना मेडिकल थाना पुलिस को दे दी। मेडिकल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ट्रस्ट के दफ्तर को बंद करा दिया और वहां से नरेंद्र को पूछताछ के लिए थाने पर ले आयी। इस मामले में विहिप कार्यकर्ताओं की लिखित शिकायत के बाद मेडिकल थाने में नरेंद्र राणा व अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी नरेंद्र राणा से पूछताछ कर रही है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *