पुलिस मुठभेड़ में बावरिया गिरोह के तीन बदमाश घायल




संजीव शर्मा, मेरठ। थाना परतापुर पुलिस और बावरिया गिरोह के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। बावरिया गिरोह के बदमाशों ने पुलिस पर गोली चलायी जिस पर जवाब में पुलिस की ओर से भी गोली चली। आमने सामने की मुठभेड़ में पुलिस की गोली से तीन बदमाश घायल हो गए जबकि उनके अन्य साथी अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे। पुलिस ने इस घायल बदमाशों को अपनी हिरासत में लेकर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के मुताबिक थाना परतापुर पुलिस और सर्विलांस टीम को देर रात करीब 11 बजे क्षेत्र में बावरिया गिरोह के घूमने की सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस टीम ने चेकिंग शुरू कर दी। चेकिंग के दौरान रात करीब सवा बारह बजे थाना परतापुर क्षेत्र के शताब्दी नगर के लाल क्वार्टर एरिया में बावरिया गिरोह के सरगना रामवीर और उसके साथियों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। जिसमें पुलिस बल के द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ कार्यवाही में अभियुक्त रामवीर उर्फ सुखबीर एवं उसके दो साथी संजू तथा सचिन सभी निवासीग्राम जोगीपुरा थाना कोतवाली, जनपद हापुड़ घायल हो गये। उनके तीन साथी भागने में सफल रहे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगी हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 3 तमंचे 315 बोर, काफी संख्या में जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किया गया। प्राथमिक पूछताछ में पता चला कि परतापुर की बृजविहार कालोनी में चार घरों में हुई डकैती की घटना में ये बदमाश शामिल थे। रामवीर गिरोह पर विभिन्न जनपदों में दो दर्जन अभियोग दर्ज होने की जानकारी हुई है। जिनको तस्दीक किया जा रहा है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *