नवीन चौहान
उत्तराखंड राज्य के कुछ स्थानों पर 12 जून से 14 जून के दौरान भारी बारिश हो सकती है। ऐसा पूर्वानुमान मौसम विभाग का है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक कुमाऊं मंडल के ज्यादातर इलाकों में तेज और भारी बारिश हो सकती है। जबकि गढ़वाल के कुछ ही इलाकों में भी बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार शुक्रवार 12 जून से प्रदेश के कुमाऊं मंडल में अधिकांश क्षेत्रों में तेज और भारी बारिश होने का अनुमान है। बारिश के दौरान कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं। इस दौरान आकशीय बिजली भी चमकने का अनुमान है। हालांकि मैदान इलाकों में तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मैदानी इलाकों में अभी गरमी का अहसास बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में प्री मानसून की अच्छी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग 21 जून के आसपास राज्य में मानसून के प्रवेश करने की संभावना जता रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मानसून समय से आया और सामान्य रहा तो यह फैसलों के लिए काफी लाभकारी होगा। बारिश से धान की फसल को सबसे अधिक फायदा होगा। मैदानी इलाकों में भी बारिश से फसलों को काफी लाभ होगा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अभी तक जो पूर्वानुमान है उसके अनुसार इस बार मानूसन सामान्य रहने की ही संभावना बनी हुई है।
अभी मैदानी इलाकों में भीषण गरमी पड़ रही है। तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। गरम हवाएं गरमी के अहसास हो और अधिक बढ़ा रही हैं। रात में भी गरमी का बुरा हाल है। दिन में चल रही गरम हवाओं का असर देर रात तक बना रहता है। गरमी के कारण कूलर पंखे भी फेल होते दिख रहे हैं। प्रदेश के मैदानी इलाकों में भी बारिश के बाद ही तापमान में गिरावट आने पर गरमी से कुछ राहत मिल सकेगी।