महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब




देश के मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई ने दक्ष प्रजापति मंदिर में किया जलाभिषेक

नवीन चौहान
हरिद्वार। शिवरात्रि पर्व पर तीर्थनगरी के सभी शिवालयों भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। लोगों ने भगवान शिव की बहुविधि पूजा-अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की। भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए शिवालयों में जहां विशेष प्रबंध किए गए वहीं शिवालयों में सुरक्षा व्यवस्था भी चाक चौबंद की गई। धर्मनगरी के सभी शिवालयों में सुबह से ही भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
मान्यता है कि आज के दिन भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक और जलाभिषेक करने से मानव के सभी कष्ट दूर होते ह। वहीं, हरिद्वार के दक्षेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक के लिए लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। ऐसा ही हाल दरिद्रभंजन महादेव, दुःखभंजन, तिलभाण्डेश्वर मंदिर, पौराणिक विल्वकेश्वर महादेव, गौरी शंकर, नीलेश्वर, जनमासा आदि में भी रहा, जहां हजारों भोले के भक्तों ने श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक किया। शिवालयों में भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। शिवालय महा श्विरात्रि की पूर्व संध्या से ही जगमगा उठे थे। शिवालयों में सजावट भी की गई थी। महाशिवरात्रि पर बाजारों में भी खासी रौनक दिखाई दी। इसी के साथ फूल व फलों के दामों में खासा उछाल रहा। मान्यता है शिवरात्रि के दिन भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। लोग इस दिन सच्चे मन से भगवान शिव की उपासना करते हैं।
वहीं शिवरात्रि के पर्व पर देश के मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई सोमवार को धर्मनगरी हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने कनखल स्थित भगवान भोले नाथ की ससुराल दक्ष प्रजापति मंदिर में भोले भंडारी का गंगाजल से जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की।

मुख्य न्यायाधीश के मंदिर पहुंचने पर सुरक्षा के कड़े इंतेजाम किये गए। इस अवसर पर महानिर्वाणी अखाड़े के श्री महंत रविंद्र पुरी ने बताया कि भारतीय उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश परिवार सहित भगवान् आशुतोष की नगरी कनखल के दक्ष प्रजापति मंदिर पहुंचे और पूरे धार्मिक विधि-विधान से भोले नाथ की पूजा अर्चना कर उनका शुभ आशीर्वाद लिया। साथ ही आज महाशिवरात्रि के पर्व पर अपनी निजी धार्मिक भावना का पालन किया। इस अवसर पर महंत रविन्द्र पुरी ने जस्टिस गोगोई को दक्षेश्वर महादेव की पौराणिक जानकारी दी।

श्रीतिलभाण्डेश्वर मंदिर से निकाली शिव बारात
श्री तिलभाण्डेश्वर महादेव मंदिर कनखल में चल रहे विश्व शांति महायज्ञ के दूसरे दिन की शुरूआत शिवार्चन के साथ सोमवार को हुई। इस अवसर पर मंदिर प्रांगण से भगवान शिव की बारात निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारम्भ उदासीन पंचायती अखाड़े के कोठारी मंहत प्रेमदास महाराज व शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने किया। शोभायात्रा मंदिर प्रांगण से आरम्भ होकर शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई मंदिर प्रांगण पहुंचकर सम्पन्न हुई।
शिव बारात के शुभारम्भ अवसर पर महंम प्रेमदास महाराज व केबिनेट मंत्री मदन कौशिक का महंत त्रिवेणीदास महाराज ने मंगल तिलक कर स्वागत किया। इस अवसर पर मंत्री मदन कौशिक ने कहाकि भगवान शिव की महिमा अपरम्पार है। भगवान के दरबार में श्रद्धापूर्वक नमन करने से सभी कष्टों का निवारण हो जाता है।।
इस अवसर पर महंत त्रिवेणी दास महाराज ने कहा कि भगवान तिलभाण्डेश्वर सदैव भक्तों का कल्याण करते हैं, जो भी उनका स्मरण करता है। पूर्व महापौर मनोज गर्ग ने कहाकि देवों ने अमृत पान किया था, किन्तु महादेव ने विषपान किया, इसी कारण वे महादेव कहलाए। मंदिर प्रांगण से निकली शोभायात्रा का शहर के विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर लोगों ने स्वागत किया। शोभायात्रा में झांकियों के अतिरिक्त भगवान शिव के गणों की फौज व उनका नृत्य विशेष आकर्षण का केन्द्र रहे।
मंदिर के महंत त्रिवेणी दास महाराज ने बताया कि विश्वशांति महायज्ञ का मंगलवार को समापन होगा। इस अवसर पर संतों के आशीर्वचन व विशाल भण्डारे का आयोजन किया जाएगा। शोभायात्रा में व्यवस्थाएं बनाने वालों में अमित चावला, अरविन्द अग्रवाल, पराग गोयल, नीरज चौधरी, सुन्दर सिंह मनवाल, डा. प्रदीप शर्मा, वीरेन्द्र वत्स, महेश भटनागर, सचिन गुप्ता, हिमांशु चोपड़ा, भारतभूषण, सुरेन्द्र अरोड़ा, जितेन्द्र आदि प्रमुख थे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *