सहारनपुर। सहारनपुर में रविवार की सुबह पत्रकार और उसके भाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये हैं। यह घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे की है।
जानकारी के अनुसार दैनिक जागरण में काम करने वाले पत्रकार आशीष शर्मा का परिवार शहर कोतवाली के माधवनगर में रहता है। उनके पिता की मौत हो चुकी है। आशीष के घर के सामने ही महिपाल सैनी की डेरी है। बताया गया कि आशीष और उसके परिवार का महिपाल सैनी द्वारा गोबर डालने को लेकर विवाद था। रविवार की सुबह भी दोनों के बीच गोबर डालने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इस विवाद के बाद महिपाल और उसके दोनों बेटे पत्रकार आशीष के घर में घुस गए और गाली गलौज शुरू कर दी। आशीष और उसके भाई ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने तमंचा निकालकर गोली चला दी। पहली गोली आशीष के भाई आशुतोष को जा लगी, गोली लगने पर आशुतोष लहुलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा, इसी दौरान महिपाल के बेटे सन्नी ने तमंचे से दूसरी गोली आशीष को मार दी। दोनों भाईयों को गोली मारने के बाद आरोपी तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
लहूलुहान हालत में आशुतोष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि आशीष को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया जहां कुछ देर बाद उसने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना से मोहल्ले में हड़कंप मच गया, दोनों भाईयों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया। एसएसपी का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। आरेपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। बताया गया कि मृतक आशीष जनवाणी और हिन्दुस्तान समाचार पत्र में अपनी सेवा दे चुका है, हाल ही में उसने दैनिक जागरण में अपनी सेवा शुरू की थी। आशीष अकेला ही अपने घर को संभाले हुए था, परिवार के सभी लोग उस पर ही निर्भर थे।